न्यूज डेस्क, अमर उजाला अलीगढ़।
शहर विधायक संजीव राजा की सिफारिश के बाद भी रामलीला मैदान के सामने रहने वाली वृद्धा शिव देवी मलखान सिंह जिला अस्पताल में अपने आपरेशन के लिए भटक रही हैं।
आपरेशन करने वाले डाक्टर पर आरोप है कि वह वृद्धा के बेटे से पहले रुपये मांग रहा है। सीएमएम डॉ. रामकिशन कहते हैं कि संबंधित डाक्टर उनके भी सीनियर रहे हैं। लगातार कहने के बाद भी नहीं सुन रहे हैं।
रामलीला मैदान के सामने अचलेश्वर महादेव की रहने वाली शिव देवी के बेटे राजू ने बताया कि उनकी मां का हर्निया का आपरेशन होना है। इसके लिए शहर विधायक संजीव राजा ने जिला अस्पताल में जल्द आपरेशन के लिए सिफारिश की थी। इसके बाद उनकी मां को अस्पताल में भर्ती कर लिया गया लेकिन दस दिन बाद भी आपरेशन नहीं हुआ।
विधायक संजीव राजा के बीमार होने पर उनके प्रतिनिधि राजेंद्र वार्ष्णेय चीफ अस्पताल पहुंचे और सीएमएस को जानकारी दी। इस पर सीएमएस ने आपरेशन करने वाले डाक्टर को शिवदेवी का आपरेशन प्राथमिकता के आधार पर करने के लिए कहा लेकिन डाक्टर ने सीएमएस के आदेश को भी हवा में उड़ा दिया।
सोमवार को राजू अपनी मां को घर पर ले गया। राजू का कहना है कि डाक्टर एक बार मना कर दे तो वह कहीं और इंतजाम देखे। राजू ने कहा है कि वह मंगलवार को एक आखिरी प्रयास करेगा। इसके बाद अपनी मां का आपरेशन कहीं और करा लेगा।