न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
अलीगढ़ से कानपुर तक लगभग 300 किमी लंबे जीटी रोड हाईवे पर जून से काम शुरू होगा। इसके लिए टैकभनीकल बिड और फाइनेंशियल बिड जल्द ही खोली जाएंगी। जून से अलीगढ़ से एटा के बीच दो चरणों का काम शुरू होगा।
प्रोजेक्ट मैनेजर पीपी सिंह ने बताया कि जून तक पहले चरण का काम शुरू करा दिया जाएगा। अलीगढ़ से कानपुर तक हाईवे पांच चरण में बना कर पूरा किया जाएगा।
पहले चरण में अलीगढ़ से भदवारा, दूसरे में भदवारा से एटा, तीसरे में एटा से मैनपुरी, चौथे में मैनपुरी से कन्नौज और पांचवें में कन्नौज से कानपुर तक हाईवे बनाया जाएगा।
फिलहाल भूमि अधिग्रहण का काम हो रहा है। अलीगढ़ की तहसील कोल में लगभग दो दर्जन गांव में जमीनों का अधिग्रहण किया जा रहा है। ये अधिग्रहण अप्रैल से मई तक पूरा किया जाना है।
यहां बनेंगे बाईपास रेलवे के ओवर ब्रिज और अंडर पास
1-सिकंदराराऊ, कुरावली, भोगांव, बेवर, फतेहपुर, जलालपुर और बहादुरपुर सहित 17 स्थानों पर छोटे बड़े बाईपास बनेंगे। इसमें कानपुर में चार, बिल्हौर में एक, लालपुरा से उत्तरीपुरा बाईपास, शिवराजपुर और चौबेपुर में दो और बाईपास बनेंगे।
2-सिकंदराराऊ, भोगांव, गुरसहायगंज, जलालपुर पनवारा, बहादुरपुर, मंधना के पास रेलवे ओवरब्रिज बनेंगे। मंथना में एक रेलवे अंडर ब्रिज भी बनेगा।