तहसीलदार की निंदा, दरोगाओं पर कार्रवाई की आवाज
ब्यूरो, अमर उजाला, खैर (अलीगढ़)।
हरियाणा के पलवल के गांव काशीपुर में लेखपाल व कानूनगो को बंधक जाने को लेकर शुक्रवार को लेखपाल संघ ने निंदा प्रस्ताव पारित कर राजस्व विभाग एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों के प्रति नाराजगी जाहिर की। तय किया कि अब अधिकारियों की मौजूदगी पर ही लेखपाल जमीनों की पैमाइश करने जाएंगे।
शुक्रवार को तहसील सभागार में लेखपाल संघ की बैठक में जिलाध्यक्ष साहब सिंह, महामंत्री ध्यान प्रकाश तिवारी व नगर अध्यक्ष रामप्रकाश शर्मा ने कहा कि हरियाणा के गांव काशीपुर में लेखपाल धर्मवीर सिंह व कानूनगो अहमद अली अधिकारियों के आदेश पर ही पेट्रोलिंग करने पहुंचे थे। वहां पर काशीपुर के ग्रामीणों ने दो घंटे तक बंधक बनाए रखा।
मौके पर मौजूद टप्पल थाने के तीनों दरोगा और एवं पीएसी मूकदर्शक रही। दो घंटे तक तहसीलदार भी नहीं पहुंचे। आरोप लगाया कि सीओ पलवल और एसएचओ हसनपुर ने बंधक बनाए गए लेखपाल और कानूनगो के साथ अभद्रता भी की। लेखपाल संघ ने सीओ पलवल, एसएचओ हसनपुर के खिलाफ कार्रवाई के लिए डीएम एवं एसएसपी के जरिए हरियाणा के उच्चाधिकारियों को पत्र भेजने की मांग की।
बैठक में रामप्रकाश शर्मा, सतीश शर्मा, महेश शर्मा, अनिल शर्मा, अनिल उपाध्याय, केके सिंह, निहाल सिंह, अतुल गौतम, दिनेश शर्मा, रामनिवास शर्मा, सुनील गंगल, अवधेश, सेतु कुमार, सूरजपाल सिंह, अशोक कुमार, मुकेश सिंह, राजकुमार, नारायण हरि, राकेश दीक्षित, यामिनी पाठक, दीपिका वार्ष्णेय, रेखा रानी आदि लेखपाल मौजूद थे।