ज्वैलर को गोली मारकर बैग, बाइक और मोबाइल लूटा
ब्यूरो, अमर उजाला अलीगढ़।
इगलास।
बुधवार की सुबह करीब दस बजे मथुरा रोड पर ज्वैलर्स को गोली मारकर बदमाश बैग, बाइक और मोबाइल लूट ले गए। बैग में करीब 80 हजार रुपये कीमत के जेवर थे, जबकि जेब से 45 हजार रुपये बदमाशों ने छीन लिए। वहीं जांघ में लगी गोली से ज्वैलर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को इगलास सामुदायिक केंद्र से मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार बेसवां के पक्की गली निवासी नरेंद्र कुमार पुत्र सुरेशचंद्र की गांव सोनई थाना राया (मथुरा) में ज्वैलर्स की दुकान है। बुधवार सुबह करीब दस बजे वह बाइक से दुकान जा रहे थे। मथुरा रोड पर गांव मान के लिए जाने वाले रास्ते के समीप पीछे आए अपाचे बाइक सवार बदमाशों ने ओवरटेक कर फायरिंग कर दी, जिससे जांघ में गोली लगने से ज्वैलर नरेंद्र कुमार घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। बदमाश उनकी जेब से रुपये, बैग, मोबाइल, बाइक लूटकर इगलास की ओर भाग निकले।
घायल दुकानदार के अनुसार सोनई में वह मकान बनवा रहे हैं। बिल्डिंग मैटीरियल का सामान खरीदने के लिए घर से रुपये लेकर जा रहे थे। दिनदहाड़े वारदात होते ही मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। सूचना पर पहुंचे कोतवाल अरविंद कुमार राठी ने मौका मुआयना किया। कोतवाल का कहना है कि मुखबिर लगाए गए हैं जल्द ही वारदात का खुलासा किया जाएगा।