रामघाट रोड पर आधा घंटे में दो कारों से बैग पार
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
महानगर में ऐसा गैंग सक्रिय है जो कि कार सवारों से उनकी गाड़ी से तेल रिसने का इशारा करके कार से बैग चुरा रहा है। सोमवार देर शाम रामघाट रोड पर आधा घंटे के अंदर युवा भाजपा नेता व पेट्रोल पंप कारोबारी और पूर्व जिला पंचायत सदस्य इस गैंग का शिकार हुए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की पड़ताल की। भाजपा नेता की कार से बैग चुराने वाले दोनों युवक पास ही स्थित मॉल में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए हैं। इसके आधार पर पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
सोमवार शाम अतरौली के पूर्व चेयरमैन स्व. विनोद गुप्ता के बेटे पेट्रोल पंप स्वामी भाजपा नेता प्रशांत गुप्ता उर्फ गोलू अपने ड्राइवर तथा एक साथी के साथ रामघाट रोड स्थित विद्या नगर कालोनी आए थे।
यहां मॉल के पास वह अपनी गाड़ी को बैक कर रहे थे, तभी दो युवक आए और उन्होंने गाड़ी से तेल रिसने की जानकारी दी। कार सवार पेट्रोल पंप स्वामी समेत तीनों लोग नीचे उतरे और कार का बोनट आदि खोलकर देखने लगे। इसी बीच पिछली सीट पर रखे बैग को दोनों युवकों ने पार कर दिया।
सूचना पर क्वार्सी थाना प्रभारी पहुंच गए। इसी बीच कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि रामघाट रोड स्थित एचडीएफसी बैंक के पास कुछ युवक एक बैग फेंककर भागे हैं। लैपर्डकर्मी मौके पर पहुंचे।
बैग में आधार कार्ड समेत अन्य कागजात मिले। आधार कार्ड में अतरौली निवासी पूर्व जिला पंचायत सदस्य सुरेश यादव का नाम लिखा था। थाना प्रभारी ने लैपर्डकर्मी को विद्या नगर कालोनी के पास र्हुई वारदात स्थल पर बुला लिया।
यहां जब पेट्रोल पंप स्वामी ने आधार कार्ड देखा तो वह उनकी पहचान वाले निकले। उन्हें फोन किया तो उन्होंने बताया कि रामघाट रोड स्थित पेंटालून शोरूम के पास उनकी कार से बैग चोरी हुआ है। दोनों के बैग में लैपटॉप, नगदी तथा जरूरी कागजात थे। पुलिस ने दोनों पीड़ितों की तहरीर पर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।