वारंटी की तलाश में कल नेपाल पहुंची पुलिस
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
हत्या के मुकदमे में नेपाल निवासी वारंटी की खोज में सिविल लाइंस पुलिस शनिवार को एक बार फिर नेपाल पहुंच गई। इस बार चूंकि हाईकोर्ट ने खुद एसएसपी को तलब किया है। इसलिए पुलिस ने फिर से प्रयास किया है। अब वहां से पुलिस किस नतीजे के साथ लौटती है, यह वक्त बताएगा। मगर अब तक दो बार पुलिस को कोई परिणाम हाथ नहीं लगा है।
मूलरूप से नेपाल के जिला कैलाली थाना बोनिया के गांव बुटकऊआ निवासी सुरेश बहादुर व प्रेम बहादुर यहां फ्रेंड्स कॉलोनी में रहते थे। फरवरी 2004 में प्रेम बहादुर के चार साल के बेटे विनोद की अपहरण के बाद हत्या कर दी गई। सुरेश को नामजद कराया गया। पुलिस ने सुरेश को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर मंजूरगढ़ी से बालक विनोद की लाश बरामद की।
सुरेश को जेल भेज दिया गया और कोर्ट में चार्जशीट दायर हुई। 2009 में सत्र न्यायालय से सुरेश को साक्ष्यों की कमी के आधार पर बरी कर दिया। इसके खिलाफ हाईकोर्ट में अपील की गई। कोर्ट ने सुरेश को व्यक्तिगत रूप से हाजिर होने के निर्देश दिए। हाजिर न होने पर सुरेश के खिलाफ दिसंबर 2016 में गैर जमानती वारंट जारी हुए। वारंट जारी होने के बाद सिविल लाइंस पुलिस सुरेश तलाश कर रही है।
अप्रैल व जुलाई में सिविल लाइंस थाने की पुलिस दारोगा इसरार अहमद की अगुवाई में नेपाल जा चुकी है, मगर वह हाथ नहीं लगा। अब इस मामले में 18 सितंबर की तारीख नियत है, जिसमें एसएसपी को कोर्ट में प्रस्तुत होना है।
इसके चलते पुलिस टीम को एक बार फिर दारोगा इसरार अहमद के नेतृत्व में टीम शनिवार को नेपाल भेजा गया है। बता दें पूर्व में दो बार गई टीम को वहां की पुलिस व परिजनों ने लिखकर दिया है कि वह एक बार आया था। इसके बाद वापस नहीं लौटा।