हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के लिए बाईपास पर जाम
ब्यूरो, अमर उजाला अलीगढ़।
बन्नादेवी इलाके के बरौला बाईपास के निकट सोमवार रात हुई हत्या की रिपोर्ट दर्ज हो गई है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार करके कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया।
इधर, अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर लोगों ने बरौला बाईपास पर जाम लगा दिया। इस दौरान किसी ने अफवाह भी फैला दी कि अभी तक पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया है जिसे लेकर आक्रोश भड़क गया। इस पर कोतवाली निरीक्षक व सीओ सिटी ने समझा-बुझाकर जाम खुलवाया।
सोमवार की रात में कुछ लोगों ने विजय पुत्र भगवान दास निवासी बरौला बाईपास की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी थी। मौके पर मौजूद लोगों ने हमलावर अमन को दबोचकर पुलिस के सुपुर्द कर दिया था।
उसे मंगलवार को पुलिस ने कोर्ट के समक्ष पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया। इधर, इस हत्याकांड की रिपोर्ट अमन के अलावा दो भाइयों सोनू व हरिओम के खिलाफ भी दर्ज कराई गई है। पुलिस ने दोनों की तलाश में दबिश दीं, लेकिन इनमें से कोई भी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ा। वहीं, इन अभियुक्तों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर लोगों ने बरौला बाईपास पर जाम लगाकर नारेबाजी की। लोगों का कहना था कि पुलिस जल्द से जल्द शेष अभियुक्तों की गिरफ्तारी करे।
वहीं, मुकदमा दर्ज न होने की अफवाह भी जाम का बड़ा कारण बनी। जाम की सूचना मिलने पर कोतवाली निरीक्षक बन्नादेवी व सीओ सिटी मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने लोगों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया।