आरटीओ कार्यालय में शॉर्ट सर्किट से लाखों का नुकसान
ब्यूरो, अमर उजाला अलीगढ़।
आरटीओ ऑफिस में सोमवार को बारिश के कारण हुए शॉर्ट सर्किट के चलते लाखों रुपये का नुकसान हो गया। अचानक हुए शॉर्ट सर्किट के कारण अधिकारी, कर्मचारियों के अलावा यहां अपना काम कराने आए लोगों में अफरा-तफरी मच गई। अचानक एक के बाद एक पंखे, सर्वर रूम, ट्यूबलाइट आदि फुंक गए। हालांकि नुकसान के कारण आगजनी की वारदात नहीं हुई। यदि दिन के स्थान पर यह शॉर्ट सर्किट रात को होता तो बड़ा नुकसान हो सकता था।
सोमवार की सुबह हुई बारिश के कारण किसी तरह आरटीओ ऑफिस के अंदर शॉर्ट सर्किट हो गया। इसके चलते सर्वर रूम में लगा एसी, दस पंखे, एक दर्जन के करीब ट्यूबलाइट समेत अन्य सामान फुंक गया। अचानक हुए फाल्ट के कारण अधिकारी एवं कर्मचारी अपनी सीट छोड़कर कार्यालय से बाहर निकल गए।
यह देख कार्यालय में अपना काम कराने के लिए आए लोगों में भी भगदड़ जैसे हालात उत्पन्न हो गए। हालांकि शॉर्ट सर्किट के बाद स्वयं ही बिजली चली गई और लोगों ने राहत की सांस ली। इसके बाद आए इलैक्ट्रिशियन ने फॉल्ट को खोजा और लाइट चालू की। लोगों का कहना था कि यदि रात में शॉर्ट सर्किट होता और आग लग जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। सबसे ज्यादा नुकसान जमीन तथा खुली रैकों में रखी फाइलों को होता। यह फाइलें जलकर राख बन जाती और लोगों का रिकार्ड भी खत्म हो जाता है। हालांकि आरटीओ विभाग के अधिकारियों का कहना है कि सुबह हल्का सा फॉल्ट हुआ था। इसके बाद लाइट कुछ देर के लिए चली गई, लेकिन फिर आ गई। वोल्टेज अधिक आने के कारण ऐसा हुआ है।