जर्जर छतों पर लगे विशाल होर्डिंग्स, 30 को नोटिस
ब्यूरो, अमर उजाला अलीगढ़।
तेज आंधी और बारिश से शहर में कुछ मकानों पर लगे बड़े-बड़े होर्डिंग्स छतों से उखड़कर गिरे गनीमत रही कि रात होने की वजह से लोगों की आवाजाही नहीं थी अन्यथा गंभीर हादसे होते। समय रहते नगर निगम प्रशासन ने ठोस कदम नहीं उठाया तो बारिश के मौसम में अनहोनी होने से इनकार नहीं किया जा सकता है।
शहर में तमाम गिरासू भवनों पर अवैध तरीके से भीमकाय होर्डिंग्स लगे हुए हैं, जो आगामी समय में आने वाली आंधी और बारिश में हादसे का सबब बन सकते हैं। इसको लेकर नगर निगम कतई भी गंभीर नजर नहीं आ रहा है। शहर में होर्डिंग्स का ठेका लेने वाली कंपनी का कहना है कि मकानों पर लगे होर्डिंग से उसका कोई लेनादेना नहीं है।
नगर निगम प्रशासन से कई बार इस बाबत शिकायत की जा चुकी है। दूसरी ओर नगर निगम ने छतों पर बड़ी होर्डिंग्स लगाने वाले शुक्रवार को 30 भवन स्वामियों को नोटिस दिया है। गुरुवार रात आंधी के चलते मीनाक्षी प्लाई ओवर के पास एक मकान पर लगा होर्डिंग्स छत से उखड़ गया। हाथरस अड्डे, सासनी गेट, गांधी पार्क, रामघाट रोड पर कुछ भवनों पर लगे विशालकाय अवैध होर्डिंग्स खुलकर गिरे। यहां यह स्पष्ट करना जरूरी है कि यह वे होर्डिंग्स हैं, जो भवन स्वामियों ने निजीतौर पर भवनों पर लगवा लिए हैं। नगर निगम को इनसे कोई राजस्व प्राप्त नहीं होता है।
‘शहर में जो भी गिरासू भवन हैं, उनके स्वामियों को निर्माण विभाग द्वारा स्वयं निर्माण गिराने का नोटिस दिया गया है। छतों पर जो होर्डिंग्स लगते हैं, उसके लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र लेना होता है। एक एग्रीमेंट होता है और अन्य प्रक्रिया होती है। शुक्रवार को ऐसे 30 भवन स्वामियों जिन्होंने होर्डिंग्स लगवा रखे हैं, उन्हें नोटिस भेज दिए हैं’
- डॉ. संजीव कुमार सिन्हा, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी, नगर निगम
‘निजी भवनों पर लगे होर्डिंग्स से हमारा कोई लेनादेना नहीं है। यह पूरी तरह अवैध हैं। कई बार नगर निगम से इस संबंध में शिकायत की है लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई है। यह राहगीरों और आसपास के भवनों के लिए भी बहुत बड़ा खतरा हैं’
-मिडास कंपनी