क्षेत्र के अलीगढ़-पलवल हाईवे पर गांव करसुआ के समीप सोमवार सुबह कैंटर और मैक्स गाड़ी में भिड़ंत हो गई, जिसमें मैक्स में भरे करीब 500 मुर्गे मर गए, इन्हें हरियाणा से अलीगढ़ की मंडी में बेचने लाया जा रहा था।
हरियाणा के मेवात के नूह के रहने वाले मैक्स पिकअप चालक अरशद ने बताया कि वह मेवात से मुर्गे अलीगढ़ की नींबरी मोड़ पर लगने वाली मंडी में बेचने के लिए आता है। सोमवार सुबह छह बजे करीब उसकी गाड़ी की कैंटर से भिड़ंत होने के बाद पलट गई, जिसमें उसकी मैक्स गाड़ी में लदे करीब 500 मुर्गे मर गए। हादसे में वह और कैंटर चालक कासगंज के गांव नगला चीती निवासी यंगपाल बच गए। कैंटर में पौधे लदे हुए थे, जो गजरौला से कोसी ले जाए जा रहे थे। हादसे के बाद मैक्स चालक अपने दुर्घटनाग्रस्त वाहन में मरे हुए मुर्गों को रखवाकर क्रेन की मदद से खिंचवा कर अपने साथ ले गया। इस दौरान जाम भी लगा था, जिसे पुलिस ने खुलवा दिया था। इस संबंध में थाना प्रभारी अंकित सिंह का कहना है कि अभी तहरीर नहीं मिली है, जिसके मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।