बजरंग दल के महानगर संयोजक दीपक राजपूत, मंत्री मयंक कुमार, सहमंत्री अंकुर शिवाजी ने आरोप लगाया कि जिस तरह मंदिर में टायर और सीमेंट के बोरे मिले हैं उससे स्पष्ट है कि मंदिर को ध्वस्त करने की तैयारी थी। इसी के चलते देवी-देवताओं की मूर्तियां गायब कर दी गईं और शिवलिंग को भी मिट्टी में दबा दिया गया था।
विपरीत हालात में हिंदू परिवारों ने किया पलायन : करणी सेना
अखिल भारतीय करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष ठा. ज्ञानेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि इस इलाके में हिंदू परिवार रहते थे, लेकिन विपरीत हालात होने के कारण उन्हें यहां से पलायन करना पड़ा। दिन में मंदिर की धुलाई कर शिवलिंग की पूजा की गई तथा शाम को दीपक जलाकर मंदिर में भजन-कीर्तन किया गया। मंदिर के आसपास पुलिसकर्मी तैनात कर दिए गए हैं।
शिलापट पर दर्ज है मंदिर निर्माण की तिथि, बना था 1975 में
मंदिर के बाहर एक बड़ा पुराना सा शिलापट लगा मिला है। इस पर मंदिर निर्माण की तिथि 9-2-1975 दर्ज है। इस हिसाब से माना जा रहा है कि मंदिर 50 साल पुराना है। शिलापट पर मंदिर का निर्माण कराने वालों का नाम भी दर्ज।
शिव मंदिर के बराबर बने गोदाम में टायर बनते हैं। इसलिए इस गली को टायर वाली गली भी कहते हैं। गली के दोनों ओर ऑटोमोबाइल्स की दुकानें हैं। जिस गोदाम में टायर बनते हैं उसे भी मंदिर की जमीन बताया जा रहा है। बजरंग दल के महानगर मंत्री मयंक कुमार ने बताया कि मंदिर के पीछे और बाईं ओर बने गोदाम की जमीन मंदिर की है। इसलिए इन जमीनों के मालिकाना हक की जांच होनी चाहिए।
गली में नहीं जा सकता ऑटो रिक्शा
सराय रहमान की टायर वाली गली इतनी सकरी है कि उसमें ऑटो रिक्शा तक नहीं जा सकता। ये पतली गली जीटी रोड से शुरू होती है और रसलगंज, शिवपुरी आदि मोहल्लों तक पहुंच जाती है।
मंदिर का पता सराय रहमान घियारापुरी
सराय रहमान में मिले शिव मंदिर पर लगे शिलापट पर मंदिर का पता सराय रहमान घियारापुरी लिखा है। स्थानीय लोग बताते हैं कि पहले यहां हिंदू आबादी थी, जो घियारा समाज के लोग थे। ये लोग घुमंतु जाति के बताए जाते हैं। ये लोग ही मंदिर में पूजा पाठ करते थे। मंदिर के पास रहने वाले फतेह मोहम्मद ने बताया कि करीब छह माह पहले तक यहां एक हिंदू परिवार था, लेकिन अब यहां कोई हिंदू नहीं है।
भाजयुमो महानगर मंत्री हर्षद हिंदू ने बताया कि मंदिर में गंगा जल से शुद्धिकरण किया गया है। शीघ्र ही मंदिर का जीर्णोद्धार कराया जाएगा। मंदिर में हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। प्रत्येक मंगलवार और शनिवार को मंदिर पर महाआरती की जाएगी। मौके पर विशाल देशभक्त, देव सोनी, करन चौधरी आदि मौजूद रहे। करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष ज्ञानेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि सराय रहमान में मिले मंदिर के मामले में जिलाधिकारी को ज्ञापन दिया गया है, जिसमें मंदिर की जमीन को कब्जा मुक्त कराने की मांग की गई है।
कब्जा मुक्त कराए प्रशासन: शकुंतला
पूर्व महापौर शकुंतला भारती ने बताया कि सराय रहमान में मिले मंदिर की जानकारी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पोर्टल पर दी है। साथ ही मंदिर पर कब्जा करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि मंदिर के पीछे मंदिर की ही खाली जमीन है, जिस पर अवैध कब्जा किया जा रहा है। प्रशासन को यहां बने मकानों की पैमाइश करानी चाहिए। साथ ही मंदिर की जमीन को कब्जा मुक्त कराना चाहिए।