राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय (आरएमपीयू) के दीक्षांत समारोह में 50 मेधावियों को स्वर्ण पदक मिलेंगे। बुधवार को दीक्षांत समारोह के लिए रिहर्सल हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि भारतीय राष्ट्रीय विज्ञान अकादमी नई दिल्ली के अध्यक्ष प्रो. शेखर सी मांडे, अति विशिष्ट उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, राज्यमंत्री रजनी तिवारी होंगे। अध्यक्षता राज्यपाल आनंदीबेन पटेल करेंगी।
दीक्षांत समारोह छह जुलाई को होगा। मंच की व्यवस्थाओं, छात्र-छात्राओं के प्रवेश, प्रस्थान, पदक वितरण की प्रक्रिया, कुलाधिपति, विशिष्ट अतिथियों के स्वागत-सम्मान, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को किट वितरण और विश्वविद्यालय द्वारा गोद लिए गए विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए पुरस्कृत करने की रूपरेखा का अभ्यास किया गया।
कुलपति प्रो. नरेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि दीक्षांत समारोह केवल डिग्री वितरण का कार्यक्रम नहीं, बल्कि विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों और मूल्यों का उत्सव होता है। कुलसचिव प्रबुद्ध सिंह ने कहा कि इस वर्ष 50 पदक प्रदान किए जाएंगे। परीक्षा नियंत्रक धीरेंद्र कुमार ने कहा कि कुलाधिपति 25 छात्र और 25 छात्राओं को सम्मानित करेंगी।
पांच विद्यालयों को मिले कंप्यूटर
आरएमपीयू के दीक्षांत समारोह के उपलक्ष्य में आयोजित दीक्षोत्सव कार्यक्रम के तहत विश्वविद्यालय ने अपने गोद लिए पांच विद्यालयों को एक-एक कंप्यूटर सेट भेंट किए।
प्राथमिक विद्यालय वाजिदपुर नादा, उच्च प्राथमिक विद्यालय करसुआ, प्राथमिक विद्यालय लोधा नंबर-2, कंपोजिट विद्यालय लोहसरा और उच्च प्राथमिक विद्यालय हरिदासपुर को कंप्यूटर उपलब्ध कराए गए। कुलपति प्रो. एनबी सिंह ने कहा कि बच्चों को प्रारंभिक स्तर से ही कंप्यूटर शिक्षा, डिजिटल साक्षरता और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी आधुनिक तकनीकों से जोड़ना है।
विश्वविद्यालय के शिक्षक समय-समय पर इन विद्यालयों में जाकर विद्यार्थियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण भी देंगे। इस अवसर पर कुलसचिव प्रबुद्ध सिंह, परीक्षा नियंत्रक धीरेंद्र कुमार, वित्त अधिकारी निजिलिंगप्पा, उपकुलसचिव पवन कुमार, प्रो. नीता वार्ष्णेय, डॉ. शाहनवाज खान मौजूद रहे।