5 घंटे इंतजार, अमिट निशान के बाद मिले साढ़े 4 हजार
- फोटो : Rupesh
पांच घंटे लंबी लाइन में इंतजार के बाद शाहजमाल के युवक मुद्दस्सिर को अंगुली पर अमिट निशान के साथ 4500 रुपये मिले। घंटा घर स्थित एसबीआई मुख्य शाखा में मुद्दस्सिर सुबह करीब 9 बजे रुपये बदलने के लिए लाइन में लगे और 2 बजे हाथ में नोट मिले तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं था।
मुद्दस्सिर अपना दूध का काम छोेड़कर पैसे बदलने आए थे।
मुद्दस्सिर सिर्फ उदाहरण है। जनपद के तीन सौ बैंक शाखाओं में लगभग 80 से 90 हजार लोगों को इस भीषण एवं थकाऊ इंतजार के बाद पैसे हाथ लगे या जमा कराने में सफलता मिली। इस दौरान कई बैंक शाखाओं में ग्राहकों की पुलिस एवं बैंककर्मियों से नोकझोंक भी हुई। अमीरनिशा स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा में तो जमकर बवाल भी हुआ।
दोदपुर, मेडिकल रोड एवं रेलवे रोड समेत अन्य क्षेत्रों के बैंकों में भी दिन भर शोर-शराबा चलता रहा। खास बात यह रही कि आज जनपद में करीब दो दर्जन एटीएम चालू होने से ग्राहकों को मामूली राहत मिली। एसबीआई के कुछ एटीएम से दो हजार के नोट भी निकले। हालांकि कई एटीएम में चंद घंटो में कैश खत्म हो गया और दोबारा भरने के लिए कैश नहीं मिला।
एटीएम चालू होने से बुधवार को बैंकों में तुलनात्मक रूप से कुछ दबाव कम हुआ। बुधवार से ही एसबीआई मुख्य शाखा समेत अन्य कुछ बैंकों में रुपये बदलने पहुंचे लोगों की अंगुली पर अमिट स्याही लगाकर कैश दिया गया। इसके साथ ही कई शाखाओं में वीडियो रिकार्डिंग भी हुई, ताकि दोबारा नोट बदलने पहुंचे लोगों की पहचान हो सके।
एसबीआई मुख्य शाखा से पोस्ट आफिस, ग्रामीण बैंक, कारपोरेशन बैंक, कोटक एवं अन्य बैंकों में राशि जाने से भी भीड़ को विकेंद्रित करने में मदद मिली। बैंक अधिकारियों की माने तो बुधवार को पुराने नोट तुलनात्मक रूप से काफी कम जमा हुए और नोटों की बदली भी कम हुई।