माध्यमिक शिक्षा परिषद ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा का कार्यक्रम जारी कर दिया है। इसके अनुसार बोर्ड परीक्षाएं आगामी 18 फरवरी से शुरू होंगी। जिले में इस वर्ष लगभग 22,000 परीक्षार्थियों ने हाईस्कूल और 21,000 विद्यार्थियों ने इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए पंजीकरण कराया है।
परीक्षा तिथि घोषित होते ही न केवल शिक्षा विभाग और प्रशासनिक अमला सतर्क हो गया है, बल्कि छात्र-छात्राएं भी पूरी तन्मयता से तैयारी में जुट गए हैं। विद्यालयों में पुनरावृत्ति कक्षाएं और मॉडल पेपर के अभ्यास शुरू हो गए हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक संत प्रकाश ने बताया कि बोर्ड परीक्षा के लिए तैयारी लगातार चल रही है। ऑनलाइन पोर्टल पर त्रुटि सुधार की सुविधा 05 नवंबर की रात बंद होने के बाद छात्र-छात्राओं का फाइनल आंकड़ा सामने आएगा।