अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के 42 कोर्ट सदस्यों एवं 6 एग्जीक्यूटिव काउंसिल (ईसी) के सदस्यों के चुनाव की तिथि घोषित कर दी गई है। इसके साथ ही देश भर के दिग्गज मुस्लिम हस्तियों की नजर इस पर टिक गई है। कोर्ट एवं ईसी सदस्यों के चुनाव के बाद एएमयू के नए कुलपति के पैनल पर विचार होने की संभावना है।
11 जून 2016 को एएमयू के 42 कोर्ट सदस्यों का कार्यकाल पूरा हो गया। इसके साथ ही एग्जीक्यूटिव काउंसिल के निर्वाचित (यूनिवर्सिटी स्टॉफ नहीं) 6 सदस्यों का कार्यकाल समाप्त हुआ। उसके बाद से ही एएमयू कोर्ट एवं ईसी सदस्यों के चुनाव की चर्चा चल रही थी।
एएमयू रजिस्ट्रार प्रो. असफर अली खान ने एएमयू कोर्ट की विशेष बैठक की घोषणा कर दी है। 25 जुलाई 2016 को एनआरएससी क्लब में होने जा रही इस बैठक में 42 कोर्ट सदस्यों का चुनाव होगा। इसके बाद कोर्ट सदस्य अपने छह सदस्यों को ईसी के लिए चुनेंगे। रजिस्ट्रार ने एएमयू कोर्ट की विशेष बैठक से संबंधित प्रतिलिपि केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्रालय एवं यूजीसी के पास भेज दी है।
चुनाव के बाद एएमयू के नए कुलपति के पैनल पर विचार किए जाने की संभावना है। उल्लेखनीय है कि 11 जून को ईसी के निर्वाचित छह सदस्यों खालिद मसूद (लखनऊ), जफर इकबाल, एसएन पठान, कोकब हमीद, डॉ. शाहिद जमील एवं सफदर हसन खान के साथ-साथ 42 कोर्ट सदस्यों का कार्यकाल समाप्त हुआ है।