न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
रेलवे जंक्शन की सिटी साइड बिल्डिंग के बनने का काम शुरू हो गया है। इस बिल्डिंग में प्रस्तावित रेलवे अधिकारियों के कार्यालयों, टिकट विंडो सहित यात्रियों को किसी हवाई अड्डे के जैसा अनुभव कराने के लिए पार्क से लेकर शॉपिंग कॉम्प्लेक्स तक का निर्माण कराया जाएगा। जिससे की यात्री ट्रेन लेट या कैंसिल होने पर बोरियत न महसूस करें और इन दोनों स्थानों का लुत्फ उठा सके। रेलवे अधिकारियों के अनुसार बिल्डिंग के काम के पूरा होने के बाद अलीगढ़ जंक्शन की कायाकल्प हो जाएगी।
सिटी साइड बिल्डिंग के निर्माण की नींव 25 जनवरी को सांसद सतीश गौतम ने रखी थी। इसके बाद से वहां तेजी से निर्माण कार्य की ओर कदम बढ़ाए जा रहे हैं। इस बिल्ंिडग के निर्माण के लिए 11 करोड़ रुपये प्रस्तावित किए गए हैं। इन पैसों से बिल्डिंग में सभी अधिकारियों के कार्यालयों से लेकर जीआरपी और आरपीएफ थाना, टिकट विंडो के साथ ही अन्य जरूरी काम पूरे किए जाने हैं। स्टेशन अधीक्षक डीके गौतम के अनुसार इसी बजट में नई बिल्डिंग में शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और पार्क बनने के प्रस्ताव को भी मंजूरी मिल गई है।
ब्रांडेड कंपनियों के होंगे शोरूम
जंक्शन पर बनने वाले शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में माना जा रहा है रेलवे देश-विदेश की नामी गिरामी कंपनियों को दुकानें आवंटित करेंगी। इससे यात्रियों को तो जंक्शन पर ही शॉपिंग करने को मिल जाएगी। साथ ही इस प्रोजेक्ट से रेलवे की कमाई में बढ़ोतरी होगी। इधर, जो पार्क बनने जा रहा है। इससे अधिकारियों के मुताबिक देशी के साथ ही विदेशी प्रजातियों की फुलवारी यात्रियों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगी।
नई बिल्डिंग बनने के बाद यात्रियों को नियमित तौर पर मिल सकेगा खाना
अभी तक यात्रियों को नियमित तौर पर खाना उपलब्ध कराने में जंक्शन सहित मंडल में तैनात अधिकारी फेल साबित हो रहे है। पिछले दिनों जो रिफ्रेशमेंट रूम खोला गया। उसमें भी 24 घंटे यात्रियों को खाना नहीं मिल पाता है। अब नई बिल्डिंग में रेलवे की कैंटीन भी बननी प्रस्तावित है। कैंटीन बनने के बाद से यहां यात्रियों को 24 घंटे भोजन की व्यवस्था मिलेगी।