न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
पूर्व मंत्री चौधरी महेंद्र सिंह ने कहा कि वे पहले बे-दल थे और अब दल वाले हो गए हैं। वर्ष 2022 में अलीगढ़ जिले की सातों विधानसभा सीटों पर रालोद का कब्जा होगा।
रालोद में शामिल होने वाले चौ. महेंद्र शनिवार को पार्टी में शामिल होने के बाद पहली बार वरुणालय गेस्ट हाउस में पत्रकारों से मुखातिब थे। उन्होंने कहा कि पिछले एक वर्ष से बे-दल था, लेकिन रालोद सुप्रीमो चौ. अजित सिंह ने पार्टी से जोड़कर उन्हें दल वाला कर दिया।
उन्होंने कहा कि चौ. चरण सिंह व डॉ. आंबेडकर की नीतियों पर चलकर ही किसानों व गरीबों की लड़ाई लड़ी जा सकती है। एक सवाल के जवाब मे कहा कि रालोद के हर कार्यकर्ता को साथ लेकर चलेंगे। भाजपा की तानाशाही के खिलाफ संघर्ष करेंगे। आगामी चुनावों में भाजपा का सफाया तय है।
पूर्व मंत्री का गभाना टोल प्लाजा पर स्वागत
चौ. महेंद्र सिंह का गभाना टोल प्लाजा पर रालोद के मंडल अध्यक्ष डॉ. इरफान, जिलाध्यक्ष रामबहादुर चौधरी, जियाउर्रहमान की अगुआई में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। पूर्व मंत्री का खैर बाईपास, नगला मान सिंह व वरुणालय में भी पार्टी कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से लादकर स्वागत किया। इस अवसर पर मंडल महासचिव अनीस चौहान, रिजवान चौहान, डॉ. ओमवीर सिंह, प्रदेश महासचिव अब्दुल्ला शेरवानी, प्रदेश सचिव रणधीर प्रधान, संजीव चौधरी, मनु चौधरी, कुलदीप चौधरी, प्रशांत सिरोत्रिय, काका रामगोपाल तेवतिया, नीरज शर्मा, पुष्पेंद्र सारस्वत, मनदीप सिंह, गोपाल चौधरी, सनी चौधरी आदि मौजूद रहे ।