न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
सर सैयद दिवस श्रृंखला के अंतर्गत एएमयू के एसटीएस स्कूल (मिंटो सर्किल) में आयोजित इंटर हाउस खेल प्रतियोगिता के समापन पर खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया गया। सनाउर रहमान, विशाल चंद्रा एवं मोहम्मद अरमान को क्रमश: वॉलीबाल, क्रिकेट एवं फुटबाल में सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के खिताब से नवाजा गया।
समारोह के मुख्य अतिथि एडिशनल चीफ ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट मोहम्मद नसीम ने कहा कि जीत या हार खेल का नियम है। एक टीम जीतती है तो दूसरी हारती है। जीत या हार पर ध्यान न देकर छात्रों को अधिक से अधिक संख्या में खेलों में भाग लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि मिंटो सर्किल स्कूल सिर्फ अलीगढ़ में ही नहीं दुनिया में जाना जाता है। इसलिए यहां के छात्रों से ये अपेक्षा की जाती है कि छात्र हर क्षेत्र में अव्वल रहें।
पहले दिन वॉलीबाल प्रतियोगिता में सफायर हाउस विजेता और टोपाज हाउस उपविजेता रहा, दूसरे दिन फुटबॉल प्रतियोगिता सफायर हाउस विजेता और एमराल्ड उपविजेता रहा। तीसरे दिन के खेल में सफायर हाउस ने क्रिकेट में विजय प्राप्त की और टोपाज हाउस उपविजेता रहा।
रस्साकसी और दौड़ में भी सफायर हाउस को विजय प्राप्त हुई। सभी प्रतियोगिताओं में सफायर हाउस ने अपना अधिकार जमाया। इस अवसर पर फैसल नफीस, डॉ. अनवर शहजाद, फरीद अहमद सिद्दीकी, समीना, यास्मीन रिजवी, अफरोज बानो, मोहम्मद तारिक, नौसीन बेगम, नसरीन बेगम, शोएब खान, फौजिया फरीदी, अदनान खान आदि मौजूद थे।