न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
केंद्र सरकार द्वारा उत्पाद शुल्क एवं प्रदेश सरकार वैट कम करने के बाद अलीगढ़ में डीजल 4.59 एवं पेट्रोल 4.35 रुपये प्रति लीटर सस्ता हो गया है। शुक्रवार सुबह 6 बजे से नया रेट लागू होने के बावजूद माल भाड़ा में कोई राहत मिलता नजर नहीं आ रहा है। ट्रांसपोर्टर बढ़े हुए मालभाड़े को घटाने को तैयार नहीं हैं। रेट कम होने से डीलर जरूर औंधे मुंह गिरे हैं। अधिक स्टाक वाले डीलरों को ज्यादा नुकसान हुआ है।
कुछ महीना पहले ट्रांसपोर्टरों द्वारा माला भाड़ा में 15 से 20 प्रतिशत की वृद्धि की गई थी। डीजल का रेट 4.59 एवं पेट्रोल 4.35 रुपये प्रति लीटर कम होने के बाद लोग मालभाड़ा में कमी होने की उम्मीद लगा रहे है। लेकिन उनकी आशा पूरी होती नहीं दिख रही।
दी गुड्स ट्रांसपोर्ट वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष ठाकुर अजय पाल सिंह ने माल भाड़े में किसी तरह की कमी से इंकार किया है। उनका कहना है कि पिछले छह महीने में डीजल के मूल्य 55 रुपये से बढ़कर 76 रुपये हो गए।
सरकार अब 4.59 रुपये कम करके अपनी पीठ ठोक रही है। सरकार धीरे-धीरे फिर मूल्य बढ़ा देगी। जनपद में आईओसी सहित विभिन्न कंपनियों की करीब 152 पेट्रोल पंप है।
आईओसी के मैनेजर एवं अन्य तमाम कंपनियों के समन्वयक विनायक गुप्ता का कहना है कि जनपद में प्रत्येक दिन करीब 2 लाख लीटर पेट्रोल एवं 3.5 लाख लीटर डीजल की बिक्री होती है। रेट कम होने से सर्वाधिक नुकसान डीलरों को हुए हैं। जिसके पास जितना अधिक स्टाक था, उसे उतना अधिक नुकसान हुआ है।
उत्पाद शुल्क एवं वैट कम करने के कारण डीजल 4.59 एवं पेट्रोल 4.35 रुपये प्रति लीटर सस्ते हुए हैं। कंपनी द्वारा सुबह करीब 3.30 बजे रेट से संबंधित संदेश भेजा गया। नया रेट शुक्रवार सुबह 6 बजे से लागू कर दिया गया है। नियमानुसार प्रत्येक दिन सुबह 6 बजे नए रेट लगते हैं।
- जीतेंद्र सिंह राणा, पंप संचालक, जीटी रोड, मालवीय पुस्तकालय
डीजल एवं पेट्रोल के रेट में कमी स्वागत योग्य कदम है। लेकिन पर्याप्त नहीं है। काफी समय से डीजल के रेट में लगातार बढ़ोतरी हो रही थी। आम जनता को ध्यान में रखकर सरकार को ऐसे और कदम उठाने की जरूरत है।
- किरण प्रताप सिंह, ट्रांसपोर्टर
--
डीजल-पेट्रोल के रेट में कमी सिर्फ छलावा है। चुनाव आने वाला है। हमारा भाड़ा 60 रुपये लीटर के हिसाब से है। किसी भी पार्टी ने हमारा भाड़ा नहीं बढ़ाया था। ट्रांसपोर्टर अभी भी घाटे में है। डीजल के मूल्य और कम होने चाहिए।
- करण सचदेवा, ट्रांसपोर्टर
तिथि पेट्रोल डीजल
4 अक्तूबर - 83.28 रुपये 75.53 रुपये
5 अक्तूबर - 78.93 रुपये 70.94 रुपये