न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
महारानी अहिल्याबाई होल्कर स्पोर्ट्स स्टेडियम में लाखों रुपये की लागत से बने लॉन टेनिस कोर्ट में गंदा पानी भर गया है। इसके चलते दो दिन से खिलाड़ी अभ्यास नहीं कर पा रहे हैं।
स्टेडियम की दीवार के सहारे मंदिर के पास से करीब 15 दिन पहले नगर निगम ने जल निकासी के लिए नाला बनवाया था। शनिवार को हुई बारिश से नाला भर गया था। इस नाले का पानी रिस-रिस कर लॉन टेनिस कोर्ट में जा रहा था। रविवार को अवकाश के चलते किसी का इस ओर ध्यान नहीं गया। सोमवार को कोर्ट पूरी तरह से गीला था।
उप क्रीड़ा अधिकारी अश्वनी कुमार त्यागी ने पानी को रोकने के लिए सीमेंट की लेप लगवा दी। मगर, पानी का रिसने का सिलसिला जारी रहा। इससे कोर्ट पूरी तरह से गीला हो गया, जहां अभ्यास करना खिलाड़ियों के लिए मुमकिन नहीं है।
दो दिन से खिलाड़ी अभ्यास नहीं सके हैं। मंगलवार की सुबह उप क्रीड़ा अधिकारी नगर निगम पहुंच गए। उन्होंने संबंधित अधिकारी से पानी के रिसने की समस्या बताई। नाला को बनाने वाला ठेकेदार भी आया, जो दुरुस्त कराने का आश्वासन देकर चला गया।
इस खेल में शौकिया 16 खिलाड़ी व 8 प्रशिक्षु खिलाड़ी स्टेडियम में पंजीकृत हैं। इस संबंध में उप क्रीड़ा अधिकारी अश्वनी कुमार त्यागी का कहना है कि अगर आज कोर्ट बनवाया जाए, तो इसमें करीब 17-18 लाख रुपये खर्च हो जाएंगे।