न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
विश्व हिंदू परिषद से त्यागपत्र देने वाले पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष प्रवीण भाई तोगड़िया के पक्ष में गोलबंदी शुरू हो गई है। अखंड भारत हिंदू सेना के तत्वावधान में कलक्ट्रेट पर अनशन कर युवकों ने प्रवीण भाई तोगड़िया को षड्यंत्र कर अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर हराने का आरोप लगाया और कहा कि राम मंदिर बनवाने का वादा कर सत्ता में पहुंचे नेता या तो राम मंदिर बनवाएं या गद्दी छोड़ दें।
उन्होंने यह भी कहा कि विश्व हिंदू परिषद अब सरकारी संगठन बन चुका है। हालांकि इस विरोध से विहिप के स्थानीय नेताओं ने किनारा कर लिया।
कलेक्ट्रेट पर आयोजित अनशन में सेना के नेता अध्यक्ष एवं विहिप के पूर्व गो रक्षा प्रमुख दीपक आजाद ने कहा कि तोगड़िया को षड्यंत्र के तहत हराकर विहिप ने 100 करोड़ हिंदुओं की आवाज को दबाने का प्रयास किया है। प्रवीण भाई को जेल भेजने की तैयारी चल रही है हमलोग प्रवीण भाई द्वारा उठाई गई आवाज का समर्थन करते हैं।
उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि संसद में कानून बनाकर शीघ्र राम मंदिर का निर्माण अयोध्या में करें। इस अवसर पर आशू पंडित, धर्मेंद्र बजरंगी, कपिल चौधरी, विकास बजरंगी, राहुल शर्मा, नीरज भारद्वाज आदि मौजूद थे।
विहिप के विभाग प्रमुख राम कुमार आर्य ने कहा कि इस विरोध-प्रदर्शन से विहिप का कोई संबंध नहीं है। उल्लेखनीय है कि सेना के नेताओं ने पहले रामलीला मैदान पर अनशन करने की घोषणा की थी। बाद में स्थल परिवर्तन कर कलक्ट्रेट पहुंच गए।