न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
प्रमुख सचिव समाज कल्याण एवं जिले के नोडल अफसर सुधीर गर्ग ने गुरुवार को अलीगढ़ विकास प्राधिकरण के अफसरों की क्लास ली। एडीए कार्यालय में निरीक्षण के दौरान उन्होंने नियोजन, अकाउंट एवं मानचित्र से संबंधित दस्तावेज देखे।
मानचित्रों की लंबित फाइलों की संख्या देख उनका पारा चढ़ गया। उन्होंने अफसरों को मानचित्र की फाइलों पर बेवजह की आपत्तियां लगाने के बजाय जनता की सहूलियत के लिए काम करने की हिदायत दी।
निरीक्षण के लिए दोपहर 12.30 बजे रामघाट रोड स्थित एडीए कार्यालय पहुंचे प्रमुख सचिव ने नक्शों पर आपत्तियों की संख्या में कमी के लिए सुझाव दिया कि नक्शा आर्किटेक्ट बनाते हैं। विभाग के एई एवं जेई उनसे कोआर्डिनेशन बनाकर नक्शा तैयार करने के तौर-तरीकों पर चर्चा कर लें।
इससे विभाग एवं आर्किटेक्टों के अलावा उपभोक्ताओं का सिरदर्द भी कम हो जाएगा। विभागीय फाइलों में लंबित 58 नक्शे देखकर उन्होंने कहा कि इनका निस्तारण जल्द से जल्द करा लिया जाए। अवैध निर्माण की फाइल के निरीक्षण में 4304 चिन्हांकित अवैध निर्माणों के खिलाफ सीलिंग और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई न होने पर अफसरों से जवाब तलब किया।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई में तेजी लाई जाय। विशेष रूप से स्वीकृत मालों से ज्यादा माले बनाने वाले बिल्डरों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। विकास प्राधिकरण का लैंड बैंक शून्य होने की समस्या से निपटने के लिए उन्होंने निजी सहभागिता से लैंड बैंक बढ़ाने तथा नई परियोजनाओं का क्रियान्वयन कराने के निर्देश दिए।
विभाग में रिक्त पड़े सचिव, अधीक्षण अभियंता, चार बाबू और तीन चपरासियों के पदों के मामले में उन्होंने शासन से कर्मचारी मांगने अथवा सेवानिवृत्त कर्मचारियों से सेवाएं लेने को कहा। इस मौके पर विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष भावना श्रीवास्तव, सचिव डीएस भदौरिया समेत अन्य अफसर मौजूद थे।