न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
राजस्थान के गवर्नर और प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह को स्वाइन प्लू होने की चर्चाओं के बीच स्थानीय स्वास्थ्य विभाग स्वाइन फ्लू को लेकर चौकन्ना हो गया है।
अधिकारियों ने सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर स्वाइन फ्लू को लेकर अलिखित निर्देश जारी कर दिए हैं कि प्रत्येक आने वाले मरीज पर सघन निगरानी रखी जाए।
अगर उसमें स्वाइन फ्लू जैसे लक्षण पाए जाएं तो तुरंत ही जांच आदि की प्रक्रिया शुरू की जाए। साथ ही सभी सरकारी अस्पतालों में स्वाइन फ्लू जांच की किट और टैमी फ्लू की गोली की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है।
क्या है स्वाइन फ्लू
मलखान सिंह जिला अस्पताल के डॉ. यशपाल रावल कहते हैं कि स्वाइन फ्लू वायरल बुखार है जो वायरस से फैलता है। बारिश की वजह से मौसम में नमी होने के चलते स्वाइन फ्लू का वायरस और भी खतरनाक हो जाता है। यही वजह है कि मौसम बदलने के साथ ही इसके मामले सामने आए। अगर सर्दी और खांसी दो तीन दिन में सही न हो जांच करानी चाहिए।