न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
वेलेंटाइन डे को लेकर बाजार तैयार हो चुका है। प्रेमी जोड़ों को अब 14 फरवरी का इंतजार है। महाशिव रात्रि एवं वेलेंटाइन डे एक ही दिन पड़ने से जरूर होटल एवं रेस्टोरेंट कारोबार पर थोड़ा असर पड़ा है।
वेेलेंटाइन वीक तो युवा खूब सेलिब्रेट कर रहे हैं, लेकिन अपनी संस्कृति एवं परंपरा का दामन भी पकडे़ हुए हैं। वीक के छठवें दिन किस डे था, लेकिन समाज में यह पूरी तरह स्वीकृत नहीं है, इसलिए सार्वजनिक रूप से इसे सेलिब्रेट करने से बचते रहें।
आज हग डे और उसके बाद 14 फरवरी को वेलेंटाइन डे। इस दिन का प्रेमी जोड़े बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। हालांकि उस दिन महाशिव रात्रि का अवकाश होने के कारण कुछ तो परेशान भी हैं। बाजार जरूर इस खास डे को लेकर तैयार है। महानगर की गिफ्ट गैलरियों की रौनक बढ़ती जा रही है।
कार्ड्स से लेकर उपहार तक युवा खरीद रहे हैं। रेस्टोरेंट संचालक, मार्र्केट कंपलेक्स आदि में इस खास दिन को लेकर विशेष तैयारी है। हालांकि किसी तरह की परेशानी से बचने के लिए दुकानदार साफ-साफ कुछ कहने से बच रहे हैं।