कार्यकर्ता व पदाधिकारी जुट जाएं लोकसभा चुनाव की तैयारी में
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
बसपा की अलीगढ़ रोड स्थित एक गेस्ट हाउस में हुई मंडल स्तरीय बैठक में संगठन को पदाधिकारियोें को क्षेत्रवार जिम्मेदारी देकर संगठन को मजबूत बनाने पर जोर दिया गया। बैठक में सभी पदाधिकारियोें को निर्देश दिए गए कि वह अगले लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुट जाएं और बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत बनाएं। बैठक में पार्टी सुप्रीमो के निर्देश से आगरा-अलीगढ़ मंडल के जोन कोआर्डिनेटर व एमएलसी सुनील कुमार चित्तौड़ व हेमंत प्रताप सिंह ने पार्टी पदाधिकारियों को अवगत कराया।
जोन कोआर्डिनेटर सुनील कुमार चित्तौड़ ने बैठक में कहा कि भाजपा ने छल-फरेब से देश और प्रदेश में सत्ता तो हासिल कर ली, लेकिन अब जनता इस पार्टी की चालबाजी को समझ चुकी है। ऐसे में पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता जनता को भाजपा की जनविरोधी नीतियों के बारे में बताएं। उन्होंने यह भी बताया कि किस पदाधिकारी को किस-किस क्षेत्र की जिम्मेदारी दी गई है।
आगरा अलीगढ़ मंडल जोन कोआर्डिनेटर हेमंत प्रताप सिंह, रणवीर सिंह कश्यप, प्रताप सिंह बघेल, सत्यप्रकाश कर्दम, गया प्रसाद कुशवाहा ने भी पदाधिकारियों को संगठन को मजबूत बनाने के निर्देश दिए। मंडल जोन कोआर्डिनेटर महेश चौधरी ने कहा कि अलीगढ़ में पार्टी कार्यकर्ताओं ने काफी मेहनत की है। पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत की वजह से वहां बसपा का मेयर निर्वाचित हुआ है।
उन्होंने कहा कि अब पार्टी का अगला लक्ष्य लोकसभा चुनाव में जीत हासिल करना है और कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों को इसी तरह से मेहनत करनी होगी। उनके अलावा मेयर मो. फुरकान, अलीगढ़ मंडल कोआर्डिनेटर अशोक प्रजापति, मुकेश चंद्रा, विजय चंदेल ने भी अपने विचार व्यक्त किए। बैठक में अलीगढ़ को संगठन की ओर से नया जोन बनाया गया।
जिला जोन के कोआर्डिनेटर अशोक सिंह एडवोेकेट, गजराज सिंह विमल को बनाया गया है। बैठक में अलीगढ़ जिलाध्यक्ष सूरज सिंह, हाथरस जिलाध्यक्ष ब्रजमोहन राही के अलावा मंडल के अन्य जिलों के जिलाध्यक्ष व पदाधिकारी मौजूद थे। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सूरज सिंह ने की और संचालन अशोक प्रजापति ने किया।