संदीप सिंह की आपत्तिजनक पोस्ट पर एएमयू छात्र
संघ के पूर्व उपाध्यक्ष नदीम अंसारी पर रिपोर्ट दर्ज
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
एएमयू छात्र नेता द्वारा भाजपा के शिक्षा राज्य मंत्री और जिलाध्यक्ष के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट के मामले में पुलिस रिपोर्ट दर्ज हो गई है। शुक्रवार को छात्र नेता ने शिक्षा राज्य मंत्री व भाजपा जिलाध्यक्ष की आपत्तिजनक पोस्ट अपनी फेसबुक पर पोस्ट कर दी। जिसकी खबर मिलते ही भाजपाई भड़क गए।
युवा मोर्चा के नेताओं ने सिविल लाइन थाने पहुंचकर तहरीर देते हुए मुकदमे की मांग की, जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। श्याम सुंदर शर्मा उर्फ सौरभ पंडित की तहरीर पर एएमयू छात्र संघ के पूर्व उपाध्यक्ष नदीम अंसारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। सिविल लाइंस इंस्पेक्टर जावेद खान खुद इस मामले में विवेचना करेंगे।
छात्र नेता नदीम अंसारी ने शुक्रवार को फेसबुक पर शिक्षा राज्य मंत्री संदीप सिंह व भाजपा जिलाध्यक्ष देवराज सिंह की एक आपत्तिजनक फोटो बनाकर अपनी फेसबुक पर पोस्ट की थी। जब यह पोस्ट भाजपाइयों ने पढ़ी तो आक्रोश व्याप्त हो गया। इतना ही नहीं फेसबुक पर ही वाणी गैंगवार होने लगा।
इसी दौरान भाजयुमो नेता सौरभ शर्मा व डॉ. निशित ने नदीम अंसारी के खिलाफ सिविल लाइन थाने में मुकदमे के लिए तहरीर दी है। इस अवसर पर युवा मोर्चा के नेताओं में लोकेश सोलंकी, विवेक लोधी, अजय लोधी, प्रतीक चौहान, हनी दीक्षित, राकेश बघेल आदि मौजूद थे।
एसपी सिटी के समझाने के बाद भी पोस्ट हटाने से इंकार
एएमयू छात्र संघ के निवर्तमान उपाध्यक्ष नदीम अंसारी ने एसपी सिटी अतुल श्रीवास्तव के समझाने के बावजूद शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह एवं भाजपा जिलाध्यक्ष चौधरी देवराज सिंह के खिलाफ की गई आपत्तिजनक पोस्ट हटाने से इंकार कर दिया। नदीम अंसारी का कहना है कि एसपी सिटी ने फोन कर उनके पोस्ट को असंवैधानिक करार दिया और उसे हटाने को कहा।
नदीम अंसारी का कहना है कि तीन महीने पहले हिंदू युवा वाहिनी के उपाध्यक्ष द्वारा हमारे प्यारे नबी की शान में गुस्ताखी की गई थी, क्या वो संवैधानिक थी? हिंदू महासभा द्वारा सर सैयद को गद्दार कहा गया, क्या वो संवैधानिक है।
नदीम के खिलाफ कार्रवाई करें वीसी
भाजपा जिलाध्यक्ष चौधरी देवराज सिंह का कहना है कि वह एएमयू वीसी से आग्रह करेंगे कि नदीम अंसारी जैसे छात्रों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर यूनिवर्सिटी की गरिमा की रक्षा करें। उन्होंने शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह एवं अपने खिलाफ की गई अशोभनीय कार्रवाई की निंदा की और इस बात को दोहराया कि जब-जब एएमयू के कुलपति बुलाएंगे, वह वहां जाएंगे।
उन्होंने कहा कि अभी वह बाहर हैं और फोन पर प्रकरण की सूचना मिली है। वहीं भाजपा संवाद प्रकोष्ठ के जिला संयोजक शुभम कुमार गौड़ ने नदीम अंसारी की जांच केंद्रीय एजेंसी से कराने की मांग की है। उनका कहना है कि नदीम अंसारी जैसे लोगों को भारत और उसके संविधान में कोई भरोसा नहीं है। ऐसे लोग इस्लामिक कानून चाहते हैं। इनको तत्काल पाकिस्तान फेंकने की जरूरत है।