एबीवीपी ने डीएस कॉलेज गेट पर फूंका प्रबंधन का पुतला
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
डीएस कॉलेज के गेट पर एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने कॉलेज प्रशासन का पुतला फूंका। देहात क्षेत्रों में भी पुतले फूंके गए। कॉलेज के बवाल के तीसरे दिन भी शिक्षकों में गुस्सा रहा। शिक्षक संघ के पदाधिकारियों से एसएसपी से मुलाकात कर दोषियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की है।
शुक्रवार दोपहर लगभग सवा एक बजे परिषद कार्यकर्ताओं ने कॉलेज के गेट के अलावा अतरौली, इगलास, अकराबाद सहित अन्य क्षेत्रों में कॉलेज प्रशासन का पुतला फूंका।
कालेज गेट पर जब तक थाना गांधी पार्क से फोर्स पहुंची, तब तक पुतला जलकर राख हो चुका था। बताया गया कि 40-50 कार्यकर्ताओं ने पुतला जलाया। परिषद के सह मंत्री राहुल सिंह ने कहा कि कालेज के कुछ शिक्षक सपा से जुड़े हैं।
प्राचार्य पर दबाव डालकर कार्यकर्ताओं पर रिपोर्ट दर्ज करने की तहरीर दी गई है। नानक राजपूत ने कहा कि संगठन मंत्री से मारपीट करने वाले के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हो। कई शिक्षक कोचिंग में लिप्त हैं, जिनकी सूची कुलपति को भेजी जाएगी।
शीटू चौधरी ने प्रॉक्टर को हटाने की मांग की। कहा, सपाइयों की गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस मौके पर योगेंद्र वर्मा, धीरज चौधरी, रोहित वार्ष्णेय, ब्रजेश कुमार, पंकज आर्य, अमित गोस्वामी, करन, सौरभ, अंकित शर्मा, अखिलेश गौतम, कृष्णकांत, नीरज आदि मौजूद रहे।
एबीवीपी कार्यकर्ता के खिलाफ दर्ज हो मुकदमा
डीएस कॉलेज महाविद्यालय के शिक्षक संघ ने बवाल में शामिल एबीवीपी कार्यकर्ताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। पदाधिकारियों ने एसएसपी से मुलाकात की और चीफ प्रॉक्टर के खिलाफ मुकदमा खारिज किए जाने की मांग की। इस मौके पर संघ अध्यक्ष डॉ. पीके शर्मा, सचिव डॉ. मुकेश भारद्वाज, डॉ. वाईपी सिंह, डॉ. डीके गौड़, डॉ. हरीश, डॉ. प्रबोध, डॉ. सुभाष, डॉ. बीपी सिंह, डॉ. राजेश अग्रवाल आदि मौजूद थे।
क्षत्रिय महासभा ने एबीवीपी का फूंका पुतला
अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा ने सेंटर प्वाइंट पर एबीवीपी का पुतला फूंका। डीएस कॉलेज के चीफ प्रॉक्टर डॉ. वाईपी सिंह पर जानलेवा हमले का विरोध किया गया। महासभा ने एबीवीपी के पदाधिकारियों से बवाल में शामिल कार्यकर्ताओं को निष्कासित करने की मांग की। कार्रवाई न करने पर आंदोलन की चेतावनी दी। वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजीव ठाकुर, विशांत प्रताप सिंह, विपिन कुमार, नवनीश दुबे, शिवांकु भारद्वाज, राहुल सैनी, सौरव जौहरी, राहुल दीवान, गौरव जौहरी, अहसन रहमान, दक्ष, रासा सोनी आदि मौजूद रहे।
प्राचार्य के इस्तीफे की मांग
छात्र रालोद ने कालेज प्रबंधन व प्रशासन पर आरएसएस व भाजपा के दबाव में काम करने का आरोप लगाया है। रामघाट रोड स्थित मॉल पर हुई बैठक में पूर्व प्रदेश महासचिव जियाउर्रहमान ने कहा कि कॉलेज में गुंडई करने वालों पर कार्रवाई होनी चाहिए, चाहे वह किसी भी संगठन के हों। अधिवक्ता नेता प्रतीक चौधरी ने कहा कि प्राचार्य कॉलेज में अनुशासन बनाने में विफल हैं, उन्हें तत्काल इस्तीफा देना चाहिए। बैठक में मनु चौधरी, शैलेश रावत, लोकेंद्र फौजदार, किरनपाल सिंह, अरबाज खान, राहुल गौतम आदि मौजूद रहे।