होटल के कमरे में मिली व्यापारी की लाश
ब्यूरो,अमर उजाला,अलीगढ़।
सिविल लाइंस इलाके में रेलवे स्टेशन के पास स्थित रंजीत होटल के कमरे में तीन दिन से रह रहे अधेड़ की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। होटल के कमरे में सोमवार दोपहर शव मिला। पुलिस ने जेब में मिले पहचान पत्र के आधार पर परिजन बुला लिए। देर शाम पोस्टमार्टम में मौत का कारण फेफड़े खराब होना बताया गया।
रेलवे स्टेशन के निकट होटल रंजीत में करीब 45 वर्षीय दीपेश अग्रवाल उर्फ बॉबी नाम का व्यक्ति आठ सितंबर से रह रहा था। उसने होटल में रहने का कारण व्यापारिक लिखवाया था। 9 सितंबर की दोपहर वह कुछ देर घूमने भी गया था।
इसके बाद कमरे में सो गया। सोमवार सुबह जब कर्मचारी उससे चाय आदि पूछने गया, तो उसने यह कहते हुए इंकार कर दिया कि तबियत ठीक नहीं है। इसके बाद दोपहर करीब तीन बजे जब एक कर्मचारी की नजर कमरे में जंगले से बेड पर गई, तो दीपेश मृत अवस्था में था।
तत्काल पुलिस बुलाई गई और किवाड़ तोड़कर शव निकलवाया गया। आधार कार्ड से उसकी पहचान दीपेश निवासी मोहल्ला अग्रवाल कस्बा विजयगढ़ के रूप में हुई। सूचना पर देर शाम परिजन सिविल लाइंस पहुंच गए। इंस्पेक्टर का कहना है कि परिजनों से ज्यादा पूछताछ नहीं हुई है। फिलहाल शव दे दिया है। जांच कराई जा रही है।