ब्यूरो, अमर उजाला, हाथरस।
विदेशी वस्तुओं का बहिष्कार करने के लिए स्वदेशी जागरण मंच द्वारा शीघ्र ही जिले भर में वृहद अभियान चलाया जाएगा। चीन आए-दिन भारत के लिए संकट बनता जा रहा है। ऐसी स्थिति में चीनी वस्तुओं का भी प्रयोग पूरी तरह से बंद करने आवश्यकता है। यह बातें स्वदेशी जागरण मंच के प्रदेश संयोजक राजीव कुमार ने बैठक के दौरान कहीं। प्रांत सह संयोजक ममतेश ने कहा कि विदेशी वस्तुओं का बहिष्कार करने के लिए 31 जुलाई को हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। महारैली निकाली भी जाएगी। उन्होंने संगठन को मजबूती प्रदान करने के लिए कार्यकारिणी की भी घोषणा की। जिला संयोजक पद पर अजय राघव, सह जिला संयोजक डॉ. देवेंद्र शर्मा व डॉ. प्रभुदयाल कुशवाहा, संरक्षक संतराज, नगर संयोजक डॉ. विजय दीप, सह संयोजक पदम विभूषण बंसल, विचार मंडल प्रमुख विनोद चौधरी, संपर्क प्रमुख मनोज आर्य, संघर्ष प्रमुख हिमांशु गुप्ता, कोषाध्यक्ष प्रमुख अशोक शर्मा, सदस्य रामजीलाल शिक्षक और आशीष शर्मा को मनोनीत किया गया।