पुलिस को घटना की जानकारी देते परिवार के लोग।
- फोटो : CITY OFFICE
पेंट कारोबारी की पत्नी की हत्या किसी अपने ने की है। इस बात की गवाही घर में मिले सुराग दे रहे हैं। हत्या इतनी नृशंसतापूर्वक की गई है कि देखने वालों के रोंगटे खड़े हो गए। महिला के शरीर पर अब तक चाकुओं के 37 वार गिने गए हैं और गर्दन पर रस्सी से गला घोंटने के निशान पाए गए हैं। मतलब साफ है कि किसी ने महिला को मारने के लिए इतना समय लगाया। उसका मकसद महिला को मौत के घाट उतारना ही था। अगर लूट करना होता तो शायद इतनी देर न लगाता। फिलहाल पुलिस पेंटर को मजदूरी देने से जुड़े विवाद के अलावा पारिवारिक रंजिशों में सुराग तलाश रही है। वहीं, खुद पेंट कारोबारी की ओर से अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
पत्नी ने करीब सात बजे किया था पति को आखिरी बार फोन
अब तक की जांच में पता चला है कि पेंट कारोबारी के घर में पत्नी सुनीता के अलावा दो बेटे व बड़ी बहू भी रहती है। बेटी का विवाह हो चुका है। बड़ा बेटा अर्पित उर्फ शनि अपनी पत्नी को लेकर गोवा घूमने गया है। इसलिए घर में सुनीता अकेली थीं। दुकान पर पिता के साथ अनिकेत काम दिखवा रहा था। शाम के समय काम वाली भी घर आई थी। इसी बीच करीब सात बजे सुनीता ने विजेंद्र को फोन करके बताया था कि खाना बन गया है। आप लोग आकर खाना खा लो। इस पर पति ने कहा था, अभी थोड़ी देर में आएंगे। इसके बाद 7:30 बजे से 8 बजे के मध्य बेटा घर पहुंचा तो उसे मां इस हालत में मिली।
पेंटर दिन में तीन बार आया था मजदूरी मांगने
पुलिस जांच में उजागर हुआ है कि पिछले कई दिन से घर में पेंटिंग का काम चल रहा था। विजेंद्र ने किसी ठेकेदार को काम सौंपा था। उस ठेकेदार ने चार मजदूर यहां काम पर लगाए थे। इन्हीं में से एक मजदूर दिन में सुबह, दोपहर और शाम को तीन बार मजदूरी के रुपये मांगने घर आया था। तीनों बार मां ने अनिकेत को फोन मिलाया तो बेटे ने हर बार एक ही जवाब दिया कि रुपये इसे नहीं देने। हम सीधे ठेकेदार को देंगे। इसे लेकर आखिरी बार कुछ कहासुनी भी हुई थी।
किसी ने नहीं देखा घर में कोई आते-जाते
पुलिस पूछताछ में आसपास के लोगों से पता चला है कि किसी ने घर में किसी को आते-जाते नहीं देखा। हां, एक बात यह भी बताई कि इनके घर का मुख्य दरवाजा स्लाइड से खुलता है। अगर वह अंदर से बंद है तो उसे बाहर से खोला नहीं जा सकता। मतलब साफ है कि कोई परिचित अगर उसे बाहर से नॉक करेगा तो अंदर से खोलने पर ही वह अंदर जा सकेगा। इसे लेकर भी पुलिस यही मान रही है कि कोई परिचित ही आया होगा। तभी अंदर से दरवाजा खुला होगा।