अलीगढ़ मंडल में प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत 37 सड़कों के निर्माण के लिए 210 करोड़ रुपये मंजूर हो गए हैं। जल्द ही इन सड़कों का निर्माण आरईएस विभाग के माध्यम से किया जाएगा। इनमें से कई सड़कों की हालात बहुत खराब है।
आरईएस विभाग ने इसके लिए टेंडर आमंत्रित कराए हैं। ये टेंडर लखनऊ स्थित यूपीआरआरडीए (यूपी रूरल रोड डेवलपमेंट एजेंसी) से 15 फरवरी तक मांगे गए हैं।
नई सड़कें लगभग पौने चार मीटर चौड़ी बनेंगी। निर्माण करने वाले ठेकेदार को पांच साल तक इनकी देखरेख भी करनी होगी। अलीगढ़ में 132.7 किमी लंबाई की 13 सड़कें बनेंगी। इसमें लगभग 95 करोड़ रुपये का खर्च होगा। कासगंज में 25.7 किमी की कुल लंबाई की चार सड़कें लगभग 3.3 करोड़ रुपये और एटा में 117.7 किमी लंबाई की 16 सड़कें लगभग 75.19 करोड़ रुपये की लागत से बनेंगी। इसके अलावा हाथरस में इन सड़कों का निर्माण आरईएस की जगह पीडब्ल्यूडी करेगा। यहां 43.75 किमी लंबी चार सड़कें 36.56 करोड़ रुपये से बनेंगी।
आरईएस विभाग के अधीक्षण अभियंता मो. अकरम ने बताया कि अलीगढ़ मंडल में 37 सड़कों को लेकर 210.5 करोड़ रुपये का बजट मंजूर हो गया है। इन सड़कों का निर्माण जल्द ही कराया जाएगा। ये निर्माण कार्य वित्तीय वर्ष 2020-21 में पूरा कराया जाएगा।