पंज प्यारों की अगुवाई में नगर कीर्तन घुडिया बाग, बारहद्वारी, पत्थर बाजार, रेलवे रोड, बस स्टैंड, शीशियापाडा, दुबे का पड़ाव, मीनाक्षी पुल, सुदामापुरी से होते हुए केंद्रीय गुरुद्वारा बैकुंठनगर पहुंचा। इस दौरान रेलवे रोड, बारहद्वारी, रसलगंज, गांधीपार्क, दुबे का पड़ाव, मीनाक्षी पुल, रामघाट रोड पर जाम लगने से राहगीरों व वाहन चालकों को बेहद दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
शौर्य और साहस का दिखा अनूठा संगम
नगर कीर्तन में लुधियाना पंजाब व दिल्ली के नामी बैंडबाजों, ढ़ोल, डीजे आदि पर सिखों का अद्भुत शौर्य और साहस का प्रदर्शन देखने को मिला। वाहे गुरु, वाहे गुरु... के जयकारों के साथ शबद कीर्तन गूंज रहे थे। इस दौरान तलवारबाजी, लाठी- डंडों से वार, मुंह से शोले निकालने, नुकीले भालों से हमला, वीर खालसा ग्रुप की गतका पार्टी ने करतब दिखाए। छोटे बच्चे भी नगर कीर्तन में शबद कीर्तन गाते हुए गुरु महिमा का बखान कर रहे थे।
सांप्रदायिक सौहार्द की दिखी मिसाल
जत्थेदार भूपेंद्र सिंह के नेतृत्व में नगर कीर्तन कमेटी एवं पंज प्यारों का सत्कार सम्मान किया गया । इस दौरान मनदीप सिंह, हरदीप सिंह जुनेजा, राजेश अरोरा, सिदक सिंह, गुरमीत सिंह, सरबजीत सिंह आदि थे । राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के हरिगढ़ के विभाग प्रचारक गोविंद के नेतृत्व में संघ कार्यकर्ताओं ने गुरु गोविंद सिंह के प्रकाश पर्व पर निकले नगर कीर्तन का पुष्पवर्षा कर जोरदार स्वागत किया गया। यहां महानगर प्रचारक विक्रांत कुमार, संजय भीलबारा, बंटी उपाध्याय, रामअवतार शर्मा, आर्यन कुमार आदि थे। जुलूस का मानव उपकार संस्था के सरपरस्त सरदार खजान सिंह की मौजूदगी में संस्था के पदाधिकारी दीपक गुप्ता के पत्थर बाजार स्थित प्रतिष्ठान पर पुष्पवर्षा, चाय, बिस्कुट आदि का वितरण कर जोशीला स्वागत किया गया ।
यहां संस्था के अध्यक्ष विष्णु कुमार बंटी, सरदार मनमोहन सिंह , सरदार भूपेंद्र सिंह टुटेजा, सरदार हरभजन सिंह, चेयरमैन पंकज धीरज, गिर्राज शर्मा, रतन वार्ष्णेय, हरिकृष्ण मुरारी शर्मा, विवेक अग्रवाल आदि का सहयोग रहा । बजरंग दल शिवाजी प्रखंड ने बारहद्वारी पर स्वागत किया। उद्योग व्यापार संगठन की ओर से भव्य स्वागत किया गया। दुबे के पड़ाव सब्जी मंडी में संदीप सोनवानी, मीडिया प्रभारी ललित के नेतृत्व में शिविर लगाकर चाय, पानी आदि वितरित किया गया। भाजपा नेता मानव महाजन का सिख समाज द्वारा सरोपा भेंटकर स्वागत किया गया ।