जनपद में कोरोना का संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को कोविड अस्पतालों में भर्ती 12 मरीजों की मौत हो गई। हालांकि, जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की ओर से यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि मरने वाले मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव या निगेटिव है। वहीं, रिकॉर्ड 352 लोग कोरोना संक्रमित हुए हैं, जबकि 78 लोग स्वस्थ होकर घर लौटे हैं। इसके अलावा, नुमाइश मैदान स्थित मुक्तिधाम में पिता-पुत्र का एक साथ अंतिम संस्कार किया गया। यह सुनकर लोगों की आंखें नम हो गईं।
पिछले 24 घंटे में महानगर के विभिन्न कोविड अस्पतालों में 12 लोगों की मौत हुई है। जेएन मेडिकल कॉलेज में दुर्गेश कॉलोनी निवासी युवक की मौत हो गई। गंभीर हालत में इलाज के लिए जेएन मेडिकल कॉलेज लाए जा रहे 70 वर्षीय पिता की भी मृत्यु हो गई। नुमाइश मैदान स्थित मुक्तिधाम में पिता-पुत्र का अंतिम संस्कार एक साथ किया गया। शहर के एक अपार्टमेंट में रहने वाले युवक का शव हापुड़ से लाया गया, वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। बाद में उसका अंतिम संस्कार किया गया।
एसजेडी कोविड अस्पताल में साई मंदिर सारसौल के सचिव राजकुमार की पत्नी की मृत्यु हो गई। इसके अलावा, दीनदयाल कोविड अस्पताल में भर्ती किशनपुर, आरके पुरम, लोधा, धनीपुर व एक अन्य स्थान के कुल पांच मरीजों की मौत हुई है। रामघाट रोड स्थित कोविड अस्पताल वरुण ट्रामा सेंटर में दो व्यक्तियों की मृत्यु हुई है। गुरुरामदास नगर निवासी एक व्यक्ति को मलखान सिंह जिला अस्पताल में मृत घोषित किया गया। इन सभी मरीजों की मौत के संबंध में जिला प्रशासन या स्वास्थ्य विभाग द्वारा यह नहीं बताया जा रहा है कि उनकी रिपोर्ट क्या है। वह संक्रमित हैं या नहीं। देर रात जारी कोरोना संक्रमण की रिपोर्ट में जनपद में रिकार्ड 352 लोग संक्रमित पाए गए हैं। जनपद की एक दिन की यह सर्वाधिक संख्या है।