फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पहले 22 लाख लुटे थे, अब 35 लाख...दांव पर पुलिस की साख

विज्ञापन
सारसौल स्थित सुन्दर ज्वैलर्स शोरूम में लूट के बाद मौके पर पहुंचे एसएसपी मुनिराज जी । - फोटो : CITY OFFICE
विज्ञापन
लॉकडाउन के बाद अनलॉक के बीच जिले में यह दूसरी बड़ी वारदात हुई है। दिनदहाड़े समद रोड पर 22 लाख लूटे गए थे और अब 35 लाख की ज्वेलरी लूटकर अपराधियों की कमर तोड़ने में लगी पुलिस को चुनौती दी गई है। खास बात है कि इस ज्वेलर को चार साल पहले भी इसी तरह लूटा गया था। आज की घटना पर जब एसएसपी मौके पर पहुंचे तो ज्वेलर उनके सामने बिफर पड़ा और यहां तक कह दिया कि उस समय का माल आज तक बरामद नहीं हुआ। अब देखते हैं क्या होगा? इस पर उसे एसएसपी ने ठोस भरोसा दिलाया कि इस बार माल बरामद करके ही दम लेंगे। आप भरोसा रखो।
विज्ञापन



महज 30 सेकेंड में काम तमाम कर गए लुटेरे
सीसीटीवी में कैद हुई घटना पर गौर करें तो बदमाश कुल 30 सेकेंड ही शोरूम में रुके हैं। घुसते ही एक-एक कर तीनों ने हाथ सैनिटाइज किए हैं। इसके बाद ग्राहक दंपती जो ज्वेलरी काउंटर पर देख रहे थे, उसे कब्जे में लिया है। यह देख सुंदर वर्मा दुकान के पिछले दरवाजे की ओर खिसका है तो बदमाशों ने उस पर ध्यान दिए बिना उसके बेटे यश पर तमंचा तानकर तिजोरी से माल कब्जे में किया है और चलते बने हैं। इस दौरान ग्राहक दंपती ने अपने हाथ में लगा एक बैग भी अपने पीछे छिपाया है, मगर उस पर बदमाशों ने ध्यान नहीं दिया।


इसी बीच सुंदर ने छत पर पहुंचकर चोर-चोर चिल्लाना शुरू किया है तब तक बदमाश बाइक स्टार्ट कर भाग लिए हैं। खास बात है कि इस तीस सेकेंड में बस सुंदर की चोर-चोर चिल्लाने की आवाज ही कैद हुई है। बदमाश एक शब्द नहीं बोले, क्योंकि सीसीटीवी में माइक भी लगा है, अगर वह बोलते तो जरूर बदमाशों की आवाज भी कैद होती। कुल मिलाकर तमंचे व पिस्टल देखकर ग्राहक दंपती व दुकानदार सहम गए हैं।
विज्ञापन



हथियार लहराने के कारण इलाके में भी दहशत
ज्लेवर के छत पर चढ़कर चिल्लाने पर इलाके के लोगों व राहगीरों का ध्यान भी उस तरफ गया, मगर बदमाशों के हाथों में हथियार देखते ही लोग दहशत में आ गए, किसी ने बदमाशों को रोकने या टोकने की हिम्मत नहीं दिखाई। बाद में लोग पुलिस को फोन करते रहे।



गोमती गार्डन तक सीसीटीवी में कैद, खैर की ओर भागे
घटना के बाद जांच में जुटी पुलिस टीमों ने खैर रोड के सीसीटीवी देखे तो तीनों बदमाश नादा चौराहे से पहले गोमती गार्डन गेस्ट हाउस के सीसीटीवी में नादा की ओर जाते दिखे हैं। इसके बाद उनके खैर रोड पर भागने का अनुमान है। इससे यही अंदेशा व्यक्त किया जा रहा है कि बदमाश खैर या गोंडा क्षेत्र के हैं। इस आधार पर पुलिस का फोकस इसी क्षेत्र के बदमाशों पर लगा हुआ है। शोरूम के सीसीटीवी से जो फुटेज मिले हैं, उनसे बदमाशों के फोटो जारी कर दिए हैं और लोगों से उनके हुलिया के बदमाशों की जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।


एसएसपी का वायदा, इलाके में कायम होगा पुलिस का इकबाल
लूट की खबर पर जब एसएसपी मुनिराज जी मौके पर पहुंचे और सुंदर वर्मा ने बिफरते हुए जब अपने गुस्से का इजहार किया और बताया कि चार साल पहले भी लूट हुई थी। उसमें आज तक माल नहीं मिला। इस पर इलाके के लोग भी उसके समर्थन में आ गए और पुलिस को लेकर नाराजगी व्यक्त करने लगे। इस पर एसएसपी ने उन्हें भरोसा दिलाया कि आप संयम रखें। इलाके में पुलिस का इकबाल कायम होगा। कुछ समय जरूर लग सकता है, मगर इस बार आपको लगेगा कि पुलिस आपके साथ है।


पिछली लूट के बाद सीसीटीवी से लैस हुआ शोरूम
व्यापारी ने बताया कि पिछली मर्तबा हुई लूट के बाद ही उन्होंने अपने शोरूम को सीसीटीवी और सायरन से लैस कराया था। मगर इस घटना के वक्त बदमाशों ने उन्हें सायरन बजाने तक का मौका नहीं दिया। अगर वे सायरन बजा देते तो शायद बाहर लोग जमा हो जाते और बदमाशों को घेरा जा सकता था।


चार साल पुराना है नौकर, रैकी का भी अंदेशा
पुलिस की जांच टीमें इलाके की रैकी, शोरूम में माल होने की जानकारी आदि दिशाओं में भी काम कर रही है। इसे लेकर घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी के पुराने रिकार्ड भी देखे जा रहे हैं। नौकर की भूमिका भी देखी जा रही है। हालांकि पता चला है कि नौकर चार साल पहले ही इस शोरूम पर काम करने आया है। इन तमाम पहलुओं पर भी पुलिस की एक टीम काम कर रही है।


चुनौती के रूप में स्वीकारी घटना, जोन भर में चेकिंग
आईजी पीयूष मोर्डिया व एसएसपी मुनिराज जी ने मौके पर पहुंचकर लोगों से बातचीत व घटनास्थल का मुआयना करने के बाद तीन टीमों का गठन किया। आईजी ने तीन से चार दिन में घटना के खुलासे के निर्देश दिए। यह टीमें एसपी क्राइम व एसपी सिटी के नेतृत्व में काम कर रही हैं और खुद एसएसपी इसकी मॉनीटरिंग कर रहे हैं। इनमें थाने के अलावा, एसओजी, सर्विलांस व जिले के तेज तर्रार इंस्पेक्टर क्वार्सी छोटेलाल व एसओ जवां अभय कुमार को भी लगाया गया है। देर रात तक पुलिस की टीमें पीड़ित कारोबारी को लेकर संदिग्धों की पहचान कराने के लिए घूमती रहीं।
इस घटना को शीघ्र से शीघ्र खोला जाएगा। इसे चुनौती के रूप में स्वीकारा गया है। घटना बेहद गंभीर है। इस घटना में शामिल और इस तरह का दुस्साहस जुटाने वाले अपराधियों की कमर तोड़ने को अभियान चल रहा है। उसी अभियान के क्रम में ऐसे अपराधियों को सबक सिखाया जाएगा। -मुनिराज जी, एसएसपी


अपराध रोकने में प्रशासन असमर्थ : सौरभ
भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के क्षेत्रीय सह संयोजक एवं ब्रज औद्योगिक व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष सौरभ अग्रवाल सिक्ससंस ने कहा कि थाना बन्नादेवी क्षेत्र के सारसौल स्थित सुंदर ज्वेलर्स में दिनदहाड़े डकैती होने पर आक्रोश व्यक्त किया है। उनका कहना है कि इस घटना से प्रशासन की नाकामी उजागर हो रही है। मुख्यमंत्री चाहते हैं कि प्रदेश अपराध मुक्त हो। यहां स्थिति खराब होती जा रही है। व्यापारी वर्ग सुरक्षित नहीं है। उन्होंने कहा कि घटना से भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के अध्यक्ष को अवगत कराएंगे।


पुलिस चालान के साथ अपराधियों पर भी ध्यान दे
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रदेश कार्यसमिति के विशेष आमंत्रित सदस्य डॉ. पुष्पेंद्र पचौरी ने बन्नादेवी क्षेत्र में ज्वेलर्स के यहां पड़ी डकैती की कड़ी निंदा गई है। उन्होंने कहा कि व्यापारी वैसे ही परेशान हैं और ऐसी घटनाओं से वह अपने आप को असुरक्षित महसूस कर रहा हैं। पुलिस चालान के साथ-साथ अपराधियों पर भी ध्यान दे। उन्होंने मुख्यमंत्री से कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा है। पुलिस अपराधियों को पकड़े और एक सुरक्षा का वातावरण प्रदान करे, जिससे वह अपने आप को सुरक्षित महसूस कर सकें।
 

बन्नादेवी क्षेत्र में जो लूट की घटना हुई है उसमें इलाका पुलिस सबसे पहले दोषी है बन्नादेवी इंस्पेक्टर और उनके सहयोगियों को बर्खास्त करना चाहिए अगर अलीगढ़ प्रशासन ने व्यापारियों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम नहीं उठाए तो हम सड़कों पर उतरने से भी पीछे नहीं हटेंगे यह सरकार को गुमराह करके बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। -सुबोध स्वीटी महानगर उपाध्यक्ष भाजपा अलीगढ़

 

विपक्षी नेता बोले, जंगलराज हो गया है
ताबड़तोड़ बढ़ रहे अपराधों पर विपक्ष ने सरकार और उसकी कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं । सभी ने एक स्वर से कहा है कि प्रदेश में जंगलराज कायम हो चुका है।
जिले में डिफेंस कॉरिडोर बनाने का सपना दिखाया जा रहा है, लेकिन यहां पर अपराधी, व्यापारियों और आम नागरिकों पर आक्रमण कर रहे हैं। इससे साफ पता चलता है कि प्रदेश में जंगलराज कायम हो चुका है। लुटेरों, अपराधियों को पुलिस का खौफ है न कानून का। मुख्यमंत्री ने जब सत्ता संभाली थी तो दावा किया था कि अपराधी या तो प्रदेश छोड़ जाएं या जेलों में चले जाएं, लेकिन
ऐसा लग रहा है उन्होंने न प्रदेश छोड़ा है न वह जेल में गए हैं। वह सड़कों पर गुंडाराज फैला रहे हैं। -चौ. बिजेंद्र सिंह, पूर्व सांसद एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता



जिस तरह प्रदेश में अपराध का ग्राफ बढ़ रहा है, उससे साफ जाहिर है कि प्रदेश जंगलराज की ओर बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री दावे तो बहुत करते हैं अपराध को नियंत्रण करने के, लेकिन घटनाएं गवाही दे रही हैं कि दावे कितने खोखले साबित हो रहे हैं। इस समय अराजकता की स्थिति है। - गिरीश यादव, जिला अध्यक्ष, समाजवादी पार्टी
 

इस समय प्रदेश में अपराधियों को कानून का कोई भी नहीं रह गया है। बन्नादेवी क्षेत्र में 2 दिन में लगातार तीन ऐसी घटनाएं हुई हैं, जिसमें फायरिंग हुई है। गोली चली है। अभी कुछ दिन पहले ही बन्नादेवी क्षेत्र में बैंक से पैसे निकाल कर घर जा रहे किसान को भी लूट लिया गया था। लुटेरों और अपराधियों के हौसले इस समय आसमान पर हैं। - तिलक राज यादव, जिला अध्यक्ष, बहुजन समाज पार्टी

-जिस तरीके से अलीगढ़ के अंदर खुलेआम लूटमार हो रही है। व्यापारियों के गोली मारी जा रही है। इससे लगता है कि प्रदेश में कानून नाम की कोई चीज नहीं रही है। पुलिस वाले सिर्फ बाइकों का फोटो खींचकर चालन कर रहे हैं। अधिकारी अपनी व्यवस्थाओं में व्यस्त हैं। जनप्रतिनिधि सोए हुए हैं। अगर तत्काल इन चीजों पर रोक नहीं लगाई गई कांग्रेस का कार्यकर्ता सड़कों पर उतर कर आंदोलन करेगा। - मनोज सक्सेना, सचिव उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी

 

ज्वेलरी की दुकान से सरेआम में लूटपाट शर्मनाक है। पुलिस केवल वाहनों का चालान काटने में लगी है। प्रदेश में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। अपराधियों का बोलबाला है। -परवेज अली खान, जिलाध्यक्ष, आम आदमी पार्टी

 

35 लाख रुपये लूटकर लुटेरों ने योगी आदित्यनाथ सरकार की कानून व्यवस्था को खुली चुनौती दी है। अपराधियों में भाजपा सरकार का इकबाल खत्म होता जा रहा है। -भानु प्रताप सिंह, जिलाध्यक्ष राष्ट्रीय लोकदल



बदमाशों के फोटो किए वायरल, जो खबर देगा पाएगा इनाम
ज्वेलर के यहां दिनदहाड़े लूट करने वाले बदमाश बेशक मास्क पहने हुए थे, मगर उनके चेहरे व कदकाठी घटना के दौरान सीसीटीवी में कैद हो गई है। जिसे पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल किया है। एसएसपी मुनिराज जी की ओर से लोगों से अपील की गई है कि जो भी इन बदमाशों के विषय में पुलिस को जानकारी देगा, उसका नाम तो गुप्त रखा ही जाएगा। साथ में पुलिस स्तर से उसे इनाम दिया जाएगा।


नहीं होगा इतना माल मिलने का अनुमान
खास बात यह है कि कदकाठी व हुलिया व कैद चेहरों के आधार पर बदमाश नए सामने आए हैं। दूसरी बात जिस तरह से जल्दबाजी में उन्होंने वारदात को अंजाम दिया है, उससे यह लग रहा है कि उन्हें खुद अनुमान नहीं था कि यहां इतना माल उन्हें मिल जाएगा। वे जल्दबाजी में जो हाथ लगा, उसे लेकर चलते बने हैं।


ज्वेलर्स लूट की अर्से बाद हुई वारदात
पिछले एक दशक के जरायम इतिहास पर गौर करें तो जिले में लूटपाट की वारदात तो अनेक हुई हैं। मगर ज्वेलर्स लूट की वारदात अर्से बाद हुई है। जिले में इस तरह दिनदहाड़े सेंटर प्वाइंट पर एक ज्वेलर्स को करीब एक दशक पहले ही लूटा गया था। इसके बाद इसी ज्वेलर्स को लूटा गया था। इस बीच ज्वेलर्स को राह चलते लूटने की कई वारदात हुई हैं।
विज्ञापन


प्रमुख बड़ी वारदात
-6.58 लाख की लूट गांधीपार्क में इसी वर्ष में हुई
-22 लाख की लूट समद रोड पर इसी वर्ष में हुई
-11.31 लाख धनीपुर पर फाइनेंस दफ्तर से लूट इसी वर्ष
-6 लाख की फिरौती वसूल कारोबारी को इसी वर्ष छोड़ा
-35 लाख की लूट पिछले वर्ष धनीपुर मंडी के सामने

लूट से पहले हाथ सैनिटाइज करते बदमाश।- फोटो : CITY OFFICE

 

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें