क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
वाणिज्य कर विभाग की एसआईबी टीम ने शहर में शुक्रवार को कई व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर छापामार कार्यवाही की। जांच में तीन जगहों पर बिना प्रपत्रों के भारी संख्या में माल पकड़ा गया है।
वाणिज्य कर विभाग की एसआईबी टीम के ज्वाइंट कमिश्नर एचटी राव दीक्षित ने बताया कि राजस्थान गुजरात फ्रेट कैरियर ट्रांसपोर्ट कंपनी के तीन गोदामों की जांच की गई। इसमें दो गोदाम गोपनीय थे। प्रपत्रों में उनका कोई उल्लेख नहीं था।
करीब 6 लाख 98 हजार रुपये के 74 नग बिना कागजों के पकड़े गए। वहीं ग्रीन फ्रेट कैरियर ट्रांसपोर्ट कंपनी के गोदाम में 2 लाख 45 हजार रुपये के 24 नग बिना कागजों के मिले।
नीरज कोल ट्रेडर्स पर आयरन स्क्रैप की ट्रेडिंग की जाती है। स्टॉक की जांच करने पर वह कम मिला। फर्म पर 71 हजार 880 रुपये का जुर्माना लगाया गया। जिसे जमा करा दिया गया है। तीनों ही जगहों पर विभागीय कार्यवाही अभी जारी है।