डेस्क न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़
राष्ट्रवादी समान अधिकार पदयात्रा का 16 दिसंबर को गाजियाबाद के कविनगर में समापन के मौके पर शहर से 150 बस, 200 छोटी गाड़ी के माध्यम से हजारों की संख्या में सर्व समाज के लोग पहुंचेंगे। इसकी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। इस संबंध में राष्ट्रवादी पार्टी (भारत) ने रविवार को बैठक की।
यह जानकारी देते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष ललित राणा ने बताया कि 16 सितंबर को एससीएसटी एक्ट के विरोध में सहारनपुर से निकाली गई राष्ट्रवादी समान अधिकार पदयात्रा गाजियाबाद के कविनगर स्थित रामलीला मैदान में विश्राम लेगी। इस दौरान सरकार को एससीएसटी एक्ट में नए प्रावधान को दोबारा से संशोधित करने के लिए कहा जाएगा। अगर सकारात्मक फल नहीं मिले तो फिर सरकार के खिलाफ नया आंदोलन प्रारंभ किया जाएगा। इस मौके पर श्रीपाल सिंह चौहान, केपी सिंह, अजीत सिंह राघव, प्रमोद चौहान, रामगोपाल सिंह जादौन, विनोद चौहान, अनुराग प्रधान, बंटी सिंह आदि मौजूद रहे।