डेस्क न्यूज,अमर उजाला, अलीगढ़
अलीगढ़। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के जेएन मेडिकल कॉलेज द्वारा आयोजित कॉलेज दिवस समारोह में 2014 बैच के एमबीबीएस छात्रों के सम्मान में कॉलेज के शिक्षकों द्वारा विदाई समारोह का आयोजन किया गया। एमबीबीएस 2014 बैच के छात्र व छात्राओं ने कोर्स के दौरान हुए अनुभवों व कॉलेज में बिताए दिनों की यादों को ताजा किया।
इस अवसर पर सह कुलपति प्रोफेसर एमएच बेग ने कहा कि जेएन मेेडिकल कॉलेज में अध्ययनरत छात्र व छात्राओं के लिए यह गौरव का क्षण है कि वह देश के नवें सर्वोच्च मेडिकल कॉलेज में अध्ययन कर रहे हैं। उन्होंने छात्रों से कहा कि वह बिना किसी भेदभाव के समान रूप से रोगियों की सेवा करें। कुलपति प्रो. तारिक मंसूर की धर्मपत्नी डॉ. हमीदा तारिक ने छात्रों से कहा कि वह जीवन में हमेशा बड़े सपने देखें और उनको पूरा करने के लिए कठिन परिश्रम करें।
उन्होंने कहा कि वह यहां से शांति और सौहार्द का संदेश लेकर जाएं और उसे पूरे देश में फैलाएं। मेडिसन संकाय के डीन एवं मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रो. एससी शर्मा ने कहा कि यहां के कई छात्रों ने चिकित्सा के क्षेत्र में शानदार उपलब्धि हासिल कर कॉलेज का नाम रौशन किया है। एमबीबीएस 2014 बैच के छात्रों की ओर से सिफत तनवीर और प्रशांत यादव ने अपने विचार रखे।
सेवानिवृत्त शिक्षकों प्रो. अमानउल्लाह खान, प्रो. अनवर सलामत खान, प्रो. एमकेए शेरवानी और प्रो. तबस्सुम शहाब को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। सांस्कृतिक समारोह में जेएन मेडीकल कॉलेज के शिक्षकों डॉ. कामरान, प्रो. एलएम बरियार, प्रो. तबस्सुम शहाबा, प्रो. हुमायूं अशरफ और डॉ. तबस्सुम नवाब ने गीत व गजल पेश की। संचालन डॉ. सायरा महनाज और धन्यवाद ज्ञापन डॉक्टर शाइस्ता सिद्दीकी ने दिया।