न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की मंजूरी से प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम ने अलीगढ़ के तीन सपाइयों को प्रदेश कार्यकारिणी में शामिल किया है। शुक्रवार को सेंटर प्वाइंट स्थित रेस्टोरेंट में हुई पत्रकार वार्ता में इसका एलान किया गया।
जिलाध्यक्ष अशोक यादव ने बताया कि अलीगढ़ से शाकिर अंसारी, डॉ. महेंद्र सिंह बघेल और सुरेंद्र सिंह नायक को सपा पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ की प्रदेश कार्यकारिणी का सदस्य बनाया गया है। शाकिर ने कहा कि वह जनता के साथ हर दुख दर्द में हर वक्त मौजूद रहेंगे।
राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य विनोद सविता ने कहा कि नये सदस्यों से प्रदेश कार्यकारिणी मजबूत होगी। वार्ता में व्यापार सभा जिलाध्यक्ष रवि वार्ष्णेय, मुलायम सिंह यूथ बिग्रेड की राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य अजय सिंह, बादशाह खान, चौ. रामवती सिंह, सुशील गौड़, मो. सालिम, मनोज यादव, सुबुही खान, कासिफ आब्दी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
अंदर खाने सपा में चल रही खींचतान का असर इस वार्ता में भी दिखा, कई नेता यहां गायब दिखे। यहां महेंद्र सिंह बघेल, सुरेंद्र सिंह नायक और राजेश सैनी मौजूद नहीं थे, जबकि इसी प्रकोष्ठ में राजेश सैनी को प्रदेश सचिव बनाया गया है।
पूछने पर पता चला कि राजेश लखनऊ में हैं। बाकी दोनों सदस्य कहां हैं इसका जवाब कोई नहीं दे पाया। बिजली कटौती, शहर में चारों ओर फैली गंदगी, किसानाें को वादे के अनुसार समर्थन मूल्य नहीं मिलने पर जिलाध्यक्ष ने कहा कि पार्टी अपनी रणनीति पर चल रही है।
वार्ता में महानगर अध्यक्ष सैयद जावेद अजीज, पूर्व नगर विधायक जफर आलम, प्रदेश प्रवक्ता मुजाहिद किदवई, पूर्व महानगर अध्यक्ष अज्जू इसहाक नहीं थे। हालांकि पत्रकार वार्ता अज्जू के भाई सज्जू के मोती महल रेस्टोरेंट में थी। जिलाध्यक्ष इस बाबत भी कुछ स्पष्ट नहीं कर पाए।