बड़ी लूट से पहले कैश वैन लुटेरों पर कसा शिकंजा
ब्यूरो, अमर उजाला अलीगढ़।
अलीगढ़। लुटेरों ने कैश वैन के गार्ड की हत्या कर 34 लाख की लूट के बाद महानगर में और भी बड़ी वारदात की प्लानिंग थी। मगर कैश वैन लूट के खुलासे के लिए बदमाशों के पीछे लगी पुलिस को सफलता हाथ लग गई और लुटेरों पर शिकंजा कस गया। पुलिस लुटेरा गैंग तक पहुंच गई है। इनमें पीएसी के पास पेट्रोल पंप से उठाए गए युवकों में से एक युवक की भूमिका भी संदिग्ध है, जिससे अभी पूछताछ चल रही है और रविवार को हंगामा करने वाले परिजनों को भी इन युवकों से मिलवा दिया गया है। उम्मीद है कि जल्द पुलिस खुलासा करेगी।
पिछले सप्ताह सोमवार को हुई कैश वैन लूटकांड में पुलिस बदमाशों के पीछे लगी है। कई गैंग पुलिस के निशाने पर हैं, जिनमें मुनीर गैंग पर सबसे ज्यादा शक गहराया हुआ है। इसी बीच पुलिस को क्लू मिले कि अभी गैंग और भी वारदात करने की प्लानिंग में है और जैसे ही यह प्लानिंग लीक हुई तो दो दिन पहले पुलिस ने पीएसी के पास से दो युवक हिरासत में ले लिए। हालांकि इनके अपहरण का शोर मचा। परिजनों ने रविवार देर शाम हंगामा भी किया।
पुलिस ने उस समय समझाकर शांत करा दिया। मगर देर रात परिजनों को इन युवकों से मिलवा दिया गया। तब जाकर परिजन संतुष्ट हुए। इधर, पुलिस सूत्र बताते हैं कि गैंग तक जल्द पहुंचा जाएगा। काफी कुछ सफलता हाथ लग गई है। एसएसपी राजेश पांडेय इतना ही बताते हैं कि जल्द ही तस्वीर साफ हो जाएगी।