श्रद्धालुओं से भरा कैंटर पलटा, 20 घायल
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
हाईवे पर देर रात श्रद्धालुओं से भरा कैंटर पलट गया। वाहन में 54 लोग सवार थे, जिनमें से करीब 20 लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल और गंभीर घायलों को मेडिकल में भर्ती कराया गया है। घायलों में कई बच्चे शामिल हैं।
इलाहाबाद के थाना मऊ माया के गांव चक श्यामपुर निवासी श्रद्धालु मेरठ के नगरिया धाम से आयशर कैंटर में सवार होकर लौट रहे थे। रविवार रात करीब 12 बजे लोधा क्षेत्र में खेरेश्वर हाईवे बाईपास पर चालक की आंख लग गई। तेज रफ्तार गाड़ी स्पीड ब्रेकर पर उछलकर किनारे खाई में जाकर पलट गई।
वाहन में कुल 54 लोग सवार थे। हादसे में शिवकुमारी, कल्पना, दिलीप, रामानंद, जैना देवी, संगीता, दीक्षा, सुषमा, निधि (14), हिमांशी (6), रीना, अंतिमा (12), सुमित्रा (8) समेत कई लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया। वहां से हालत गंभीर होने पर दुर्गावती पत्नी कालीचरण, इंदु पत्नी रंजीत, मधुलिका पुत्री सादाप्रसाद, निर्मला समेत छह लोगों को मेडिकल के लिए रेफर किया गया।