साइकिल सवार के कनपटी पर लगाया तमंचा, लूट
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
क्वार्सी थानांतर्गत मंजूरगढ़ी में बृहस्पतिवार की रात साइकिल सवार को बदमाशों ने तमंचे के बल पर लूट लिया। बदमाश तीन हजार रुपये और मोबाइल ले गए।
इसकी सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित से बदमाशों के हुलिया के बारे में जानकारी करके घेराबंदी की मगर देर रात तक बदमाशों के बारे में कोई सुराग नहीं लग सका।
मंजूरगढ़ निवासी धर्मेंद्र बरौला की एक फर्म में एकाउंटेंट के पद पर तैनात है। रात करीब साढ़े नौ बजे वह साइकिल से घर लौट रहा था। घर से बमुश्किल 100 मीटर की दूरी पर बाइक सवार बदमाशों ने उसे रोक लिया।
जब तक धर्मेंद्र कुछ समझ पाता तब तक बदमाशों ने तमंचा उसकी कनपटी पर लगा दिया जिसकी वजह से पीड़ित कोई विरोध नहीं कर सका। बदमाशों ने उससे तीन हजार रुपये और मोबाइल लूटा और तमंचा लहराते हुए भाग गए।
पीड़ित ने थाने पर आकर इसकी सूचना पुलिस को दी। जिस पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मौका मुआयना किया। इसके बाद थाना पुलिस ने बदमाशों को तलाशा मगर कोई सफलता नहीं मिली।