गांव छोटी बल्लम में बृहस्पतिवार तड़के अज्ञात चोर पशुपालक के बकरी बाड़े से 30 पशुओं को चोरी कर ले गए। पशुपालक की पत्नी ने घटना को देख शोर मचाया, लेकिन तब तक चोर गाड़ी में पशुओं को लादकर फरार हो गए। मामले में पीड़ित ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करा दी है। गांव निवासी विजय सूर्यवंशी पुत्र वासुदेव ने बताया कि वे बकरी पालन कर परिवार पाल रहे हैं।
उनके पास करीब पचास बकरी बकरे हैं। बुधवार रात्रि को उन्होंने पशुओं को घर के सामने बने बाड़े में बंद कर दिया और घर में सोने चले गए। बृहस्पतिवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे आहट हुई तो पत्नी बाहर निकल कर आई और देखा कि अज्ञात चोर बकरियों को गाड़ी में लाद रहे थे। पत्नी ने शोर मचाया तो लोग जाग गए। कुछ लोग चोरों की ओर दौड़े लेकिन तब तक चोर 16 बकरी, 9 बकरे तथा 5 बकरी के बच्चों को गाड़ी लाद चुके थे। वे फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर के आधार पर थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।