28 परीक्षा केंद्रों पर होगी सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
संघ लोक सेवा द्वारा आयोजित सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2016 सात अगस्त को दो पालियों में जिले के 28 परीक्षा केंद्रों पर होगी। प्रशासन ने इसकी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है।
जिलाधिकारी राजमणि यादव ने परीक्षा को सुनियोजित एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने को प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के मध्य सामंजस्य पर बल देते हुए परीक्षा को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दिन परीक्षा केंद्रों के आसपास कोई भी फोटोस्टेट की दुकान नहीं खुलेगी। अभ्यर्थी किसी भी इलेक्ट्रानिक डिवाइस, रिस्टवाचनुमा मोबाइल व कैलकुलेटर का प्रयोग नहीं कर सकेगा।
एडीएम सिटी अवधेश तिवारी ने बताया कि नगर के 28 परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षा दो पालियों में प्रात: 9:30 बजे से 11:30 बजे तक एवं अपराह्न 2:30 बजे से 4:30 बजे तक सम्पन्न होगी। परीक्षा केन्द्रों पर मजिस्ट्रेट तथा स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। मजिस्ट्रेट 07 अगस्त को प्रात: 7:00 बजे प्रथम पाली की परीक्षा के लिए कोषागार से संबंधित केन्द्र की टेस्ट बुकलेट प्राप्त कर उन्हें पुलिस अभिरक्षा में प्रात: 8:00 बजे तक परीक्षा केन्द्र पर पहुंचाकर संबंधित केन्द्र सुपरवाइजर से प्राप्ति कराएंगे।
प्रथम पाली की समाप्ति के बाद उत्तर पुस्तिकाओं को सील कराकर उन्हें पुलिस अभिरक्षा में केन्द्र सुपरवाइजर के माध्यम से मुख्य डाक घर तक पहुंचाएंगे तथा द्वितीय पाली की टेस्ट बुकलेट कोषागार से 12:30 बजे प्राप्त कर उन्हें पुलिस अभिरक्षा में 1:00 तक परीक्षा केन्द्र पर पहुंचाकर केन्द्र सुपरवाइजर से प्राप्ति करायेंगे तथा परीक्षा समाप्ति के बाद प्रथम पाली के अनुसार उत्तर पुस्तिकायें सील कराकर केन्द्र सुपरवाइजर के माध्यम से मुख्य डाक घर पहुंचायेंगे। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लव कुमार समेत अन्य अफसर उपस्थित थे।