तहसील क्षेत्र के तीन प्रमुख मार्गों के निर्माण के लिए शासन ने 2.70 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। लोक निर्माण विभाग ने इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है।
लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता संजीव कुमार पुष्कर ने बताया कि नाबार्ड योजना के अंतर्गत नरूपुरा-कटका संपर्क मार्ग के किलोमीटर एक में अनूपशहर ब्रांच पर स्थित क्षतिग्रस्त एवं संकरे पुल का पुन: निर्माण कार्य के लिए 101 लाख रुपये, छतारी-कासगंज मार्ग के किलोमीटर 27 में आरसीसी बॉक्स कल्वर्ट मार्ग का पुन: निर्माण 102 लाख रुपये और एनएच 91 नगरिया से चौमुहां-कदौली मार्ग के किलोमीटर दो में क्षतिग्रस्त स्लैब कल्वर्ट के तीन सेल बॉक्स कल्वर्ट का निर्माण कार्य के लिए 68.48 लाख रुपये मंजूर हुए हैं। उन्होंने बताया कि 23 मार्च तक टेंडर प्रक्रिया पूरी करने के बाद निर्माण कार्य शुरू होगा। बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह ने कहा कि सभी सड़कों और पुलों का निर्माण व मरम्मत कार्य लगातार क्षेत्र में चल रहे हैं। सरकार सड़कों के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है।