27 भेड़ व एक बकरा बाड़े में बंधे हुए थे। सुबह जब बाड़े का दरवाजा खोला गया तो सभी देखकर चकित रह गए। बाड़े में बंधे 25 भेड़ मृत अवस्था में पड़ी थी। जिनके शरीर पर कटे के निशान बताए जा रहे हैं। दो भेड़ घायल अवस्था में तड़प रहीं थीं।
अलीगढ़ के दादों में बाड़े के अंदर 27 भेड़ और एक बकरे के शव मिले हैं। भेड़ों व बकरे का पोस्टमार्टम कराया गया है। टिश्यू ऑर्गन के सैंपल को आगरा प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा गया है।
विज्ञापन
प्राप्त जानकारी के अनुसार इमरान खान पुत्र बन्ने, राशिद पुत्र शब्बीर खान और गुलजार पुत्र बन्ने की 27 भेड़ व एक बकरा बाड़े में बंधे हुए थे। 17 फरवरी की सुबह करीब 5 बजे जब बाड़े का दरवाजा खोला गया तो सभी देखकर चकित रह गए। बाड़े में बंधे 25 भेड़ मृत अवस्था में पड़ी थी। जिनके शरीर पर कटे के निशान बताए जा रहे हैं। दो भेड़ घायल अवस्था में तड़प रहीं थीं।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने पशु चिकित्सक को बुलाया। पशु चिकित्सक ने घायल भेड़ का उपचार किया, कुछ देर बाद उनकी भी मौत हो गई। पीड़ित भेड व बकरे के मालिकों ने रंजिशन मारने की आशंका जताई है। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने पशुचिकित्साधिकारी, राजस्व विभाग के अधिकारियों को सूचना दी। सूचना मिलते ही नायाब तहसीलदार मयंक गोयल, लेखपाल नरेंद्र सिंह व पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ उदयभान सिंह मौके पर पहुंचे। मृतक भेड़ और बकरे के मामले की जांच पड़ताल की गई। मृत भेड़ों व बकरे का पोस्टमार्टम कराया गया। उसके बाद जंगल में ले जाकर दफन कर दिया गया। 27 भेड़ व एक बकरे की मौत से तरह-तरह की चर्चा होती रहीं।
सीओ छर्रा महेश कुमार ने बताया मृत भेड़ों का पोस्टमार्टम किया गया है। मामले में वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।- महेश कुमार, सीओ, छर्रा
भेड़ों के मृत पाए जाने का मामला अभी संदिग्ध है। आठ मृत पशुओं के टिश्यू ऑर्गन के सैंपल ले लिए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए आगरा प्रयोगशाला को भेजा जाएगा। वहां की रिपोर्ट आने के बाद ही किसी निर्णय पर पहुंचा जा सकेगा। बात रही भेड़ियों के हमले की तो संभावना नजर नहीं आ रही है क्योंकि इस क्षेत्र में भेड़िया जैसा कुछ नहीं है।- डॉ उदयभान सिंह, पशुपालन विभाग, दादों