सीबीआई में क्राइम ब्रांच दिल्ली का अधिकारी बन साइबर ठग ने व्यापारी पुत्र से कहा कि रात में लड़कियों को वीडियो कॉल कर परेशान करने की शिकायत आई है। थाने में मुकदमा दर्ज करने की तैयारी है। 26 हजार रुपये साइबर ठग ने अपने खाते में जमा करा लिए।
परचून व्यापारी हेमंत कुमार के पुत्र रितिक वार्ष्णेय को डिजिटल अरेस्ट कर साइबर ठग ने 26 रुपये ऐंठ लिए। पीड़ित की ओर से साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई गई है।
विज्ञापन
रितिक वार्ष्णेय के अनुसार 23 मार्च को वह दुकान पर थे। इसी दौरान उनके मोबाइल पर व्हाट्स एप पर वीडियो कॉल आई। कॉल करने वाला पुलिस की वर्दी में था। उसने अपने आप को सीबीआई में क्राइम ब्रांच दिल्ली का अधिकारी बताया। धौंस देते हुए कहा कि रात में लड़कियों को वीडियो कॉल कर परेशान करने की शिकायत आई है। थाने में मुकदमा दर्ज करने की तैयारी है।
वीडियो कॉल पर बने रहने की हिदायत देते हुए मुकदमे से बचने के लिए रुपये मांगे। इस पर घबड़ाकर रितिक ने कॉल करने वाले की ओर से बताए गए बैंक खाते में 8570 रुपये भेज दिए। इसके बाद आरोपी ने और 18 हजार रुपये खाते में डलवा लिए। फिर और 40 हजार रुपये मांगने लगा। इस पर डरे-सहमे युवक ने फोन काट दी और परिवार वालों को बताया। घरवालों को समझते देर न लगी कि वह साइबर ठगों का शिकार हो गया है। उन्होंने घबड़ाए रितिक को शांत कराया।