दिल्ली के निजामुद्दीन मरकज में तब्लीगी जमात में शामिल लोगों/जमातियों की तलाश जिले में दूसरे दिन बुधवार को भी होती रही। इस दौरान ऊपरकोट कोतवाली के मोहल्ला रंगरेजान की मस्जिद से 13 जमाती पकड़े गए। जिनमें दो श्रीलंका मूल के नागरिक हैं। यह निजामुद्दीन मरकज से दो माह पहले यहां आए थे। इसी तरह जवां पुलिस ने कासिमपुर एफसीआई गोदाम स्थित मस्जिद से 12 जमातियों को पकड़ा। इस तरह दूसरे दिन 25 जमाती मिले हैं। सभी का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद पुलिस-प्रशासन की निगरानी में ही इनको मस्जिदों में ही क्वारंटीन कर दिया गया है। जवां पुलिस ने कासिमपुर मस्जिद में मिले 12 जमातियों व मौलाना पर लॉकडाउन उल्लंघन के तहत धारा 188 में मुकदमा भी दर्ज किया है। वहीं रंगरेजान मस्जिद में मिले श्रीलंकाई नागरिकों के पासपोर्ट सत्यापन के लिए जब्त कर लिए गए हैं।
रंगरेजान मोहल्ला, ऊपरकोट कोतवाली में पकड़े गए 13 जमातियों के संबंध में सिटी मजिस्ट्रेट विनीत कुमार सिंह ने बताया कि यह सभी लोग देश के अलग-अलग शहरों और राज्यों के हैं। इनमें से दो श्रीलंका के हैं, जिनके नाम क्रमश: मो. मुर्शीद पुत्र पाकीर अली और एमजे हिपलुररहमान पुत्र जिहार हैं। जमात से पूछताछ में पता लगा कि यह दो माह पहले निजामुद्दीन मरकज से जमात के लिए निकले थे। दो माह से शहर और देहात की अलग-अलग मस्जिदों में रुकने के बाद बुधवार को ही रंगरेजान की मस्जिद में पहुंचे। मोहल्ले के लोगों को इस बात की जानकारी हुई तो उन्होंने दोपहर में पुलिस प्रशासन को खबर कर दी। इस पर टीम ने यहां पहुंचकर जांच कराकर सभी को मस्जिद में ही क्वारंटीन कर दिया गया है। श्रीलंका नागरिकों के पासपोर्ट सत्यापन के लिए जब्त किए गए हैं।
गेहूं के ट्रक में घूम रहे जमाती जवां में पकड़े
जवां क्षेत्र के कासिमपुर एफसीआई गोदाम स्थित मस्जिद से बुधवार को 12 जमाती उस समय पकड़े गए, जब जवां पुलिस भ्रमण करते हुए वहां पहुंची और लोगों को घरों में जाने की हिदायत दे दी थी। तभी एक गेहूं के ट्रक में यह लोग छिपे बैठे थे और कहीं जाने की तैयारी में थे। पूछताछ में पता चला यह जमाती हैं। यह सभी 25 फरवरी से थाना क्षेत्र की विभिन्न मस्जिदों में अलग-अलग दिन ठहराव कर रहे थे। सभी दिल्ली के निजामुद्दीन मरकज से यहां आए थे। पकड़े गए लोगों में सभी देश के अलग-अलग राज्यों व शहरों से शामिल हुए हैं। इन सभी के स्वास्थ्य का चेकअप कराकर पुलिस-प्रशासनिक टीम की निगरानी में एडीएम प्रशासन ने मस्जिद में ही क्वारंटीन करने के निर्देश दिए हैं। सीओ तृतीय अनिल समानिया के अनुसार जवां पुलिस ने 12 जमातियों व मस्जिद मौलाना पर 188 का मुकदमा दर्ज किया है।
जैसलमेर से आए 70 जमाती वापस भेजे
जैसलमेर राजस्थान से जमात में शामिल होकर लौटे एक ट्रक में भरे 70 जमातियों को प्रशासन ने वापस भेज दिया है। डीएम ने बताया कि इनकों श्रमिक बताकर हरदुआगंज क्षेत्र स्थित मस्जिद में ठहरने की सूचना पर यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि जलेसर एटा से पैदल आ रहे दर्जनभर से अधिक लोगों को हरदुआगंज में ही स्वास्थ्य परीक्षण कराने के बाद होम क्वारंटाइन भेज दिया गया है।
अब तक 20 स्थानीय 70 बाहरी जमाती मिले: डीएम
जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह ने बताया कि दो दिन से चल रहे तलाशी अभियान में अब तक देहली गेट थाना क्षेत्र के जंगलगढ़ी मस्जिद से 09 जमाती, कोतवाली इलाके की उस्मानपाड़ा मस्जिद से 12 और गोविंदनगर स्थित मस्जिद से 10, रंगरेजान मस्जिद 13, जवां थाना क्षेत्र के पिलोनी गांव की मस्जिद से 16, कासिमपुर गांव की मस्जिद से 12 बाहरी जिलों-प्रदेश व देश के जमाती पकड़े गए हैं। इन सभी को क्वारंटीन करा दिया गया है। वहीं तलाशी अभियान में जवां के रिगासपुर में 04, खैर में 01 और लोधा थाना क्षेत्र के गांव नौगंवा अजुर्नपुर में 15 सहित कुल 20 स्थानीय लोग ऐसे मिले हैं, जो हाल में दूसरे शहरों या प्रदेशों से जमात कर लौटे हैं। इन सभी को क्वारंटीन कर दिया गया है। जमातियों की तलाश में शहर में थाना पुलिस के साथ ही पार्षद और देहात में प्रधानों की जिम्मेदारी तय की गई है। लोगों को सख्त चेतावनी दी गई है जमातियों से संबंधी सूचना छिपाने पर सीधे मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। अब तक जनपद में 600 के करीब छोटी-बड़ी मस्जिदों और 150 के करीब मदरसों की चेकिंग की जा चुकी है।