केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी रिवेंप योजना में लाभ पाने के लिए विद्युत टीमें लगातार अभियान चला रही हैं। माह के अंतिम दिनों में लाइनलॉस-ओवरलोडिंग में 5 फीसदी से अधिक की कमी लाने के साथ-साथ बकाया वसूली पर जोर है। इसी क्रम में रविवार को अवकाश के दिन भी 25 लाख के 248 बकायेदारों के विद्युत कनेक्शन काटे गए। यह कार्रवाई अकेले नगर क्षेत्र में हुई है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए नगर क्षेत्र के अधीक्षण अभियंता एसके जैन ने बताया कि रविवार को अभियान चलाकर बकाया वसूली पर कनेक्शन काटे गए हैं। जिसके तहत शहर के प्रथम खंड में 34, द्वितीय में 23, तृतीय में सर्वाधिक 158 व चतुर्थ खंड में 33 कनेक्शन कुल 24.81 लाख के बकायेदारों के काटे गए हैं। उन्होंने बताया कि यह अभियान अभी जारी है। जिन लोगों ने अपना बकाया जमा नहीं किया है, वे जमा कर दें। अन्यथा कार्रवाई होगी। इधर, लाइन लॉस व ओवरलोडिंग रोकने की दिशा में चेकिंग व मरम्मत अभियान भी जारी है। बता दें कि रिवेंप योजना में विद्युत वितरण मंडलों को बेहतर प्रदर्शन पर नए बजट आवंटित होंगे। उसी अनुसार वे आगे कार्य करा पाएंगे।