कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए युवाओं ने भी वैक्सीन लगवाकर सुरक्षा कवच पहन लिया है। सोमवार को जिले के 26 केंद्रों पर 18 से 44 साल तक के लोगों का टीकाकरण किया गया। इस दौरान युवाओं में गजब का उत्साह देखने को मिला। हालांकि, टीकाकरण के पहले ही दिन सोशल डिस्टेंसिग की जमकर धज्जियां भी उड़ीं।
दीनदयाल अस्पताल में उद्घाटन के समय लंबी लाइन देखकर सांसद सतीश गौतम का पारा चढ़ गया। उन्होंने टीकाकरण प्रभारी को बुलाकर फटकार लगाई। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराने के लिए चौकी इंचार्ज की ड्यूटी लगाई तो टीकाकरण कक्ष में लगी डेस्क के हिसाब से ही लोगों को टीके के लिए भेजने की हिदायत दी।
इधर, मोहनलाल गौतम महिला अस्पताल में टीकाकरण का उद्घाटन करने के लिए पहुंचे शहर विधायक संजीव राजा की एक युवक से नोकझोंक हो गई। युवक ने घटना का वीडियो बना लिया। बाद में विधायक समर्थकों ने उससे मोबाइल छीन कर वीडियो डिलीट कर दिया। उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।
यहां भी लंबी लाइन लगी थी। वहीं, विधायक कोल अनिल पाराशर ने बेगम बाग स्थित स्वास्थ्य केंद्र पर टीकाकरण का उद्घाटन किया, जबकि एमएलसी मानवेंद्र सिंह प्रताप सिंह ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, हरदुआगंज पर कोविड टीकाकरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
टीकाकरण को लेकर युवाओं में दिखा जबरदस्त उत्साह
जिले के 26 केंद्रों पर सोमवार से शुरू हुए 18 से 44 साल तक के व्यक्तियों के टीकाकरण को लेकर जबरदस्त उत्साह रहा। पहले ही दिन 2882 युवाओं ने टीका लगवाया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर बीपी सिंह कल्याणी ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार 18 से 44 वर्ष की आयु वर्ग के लोगों के टीकाकरण की शुरुआत की गई।
सीएमओ ने जिले के 18 से 44 वर्ष के युवाओं और नागरिकों से अपील की गई है कि जल्द से जल्द अपना रजिस्ट्रेशन कराएं और स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचकर टीकाकरण कराएं । जिला प्रतिरक्षण अधिकारी (डीआईओ) डॉ दुर्गेश कुमार ने बताया कि जिले में 26 केंद्रों में टीकाकरण का आयोजन किया गया।
इस दौरान 3300 के लक्ष्य के सापेक्ष 2882 युवाओं को कोरोना का टीका लगाया गया। उन्होंने बताया कि 45 वर्ष से अधिक उम्र के 2052 लोगों को भी कोविड वैक्सीन की डोज दी गई। उन्होंने कहा कि 22 केंद्रों के 24 सत्रों में लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया ।
चौथे चरण का टीकाकरण शुरू
डीआईओ डॉ दुर्गेश कुमार ने बताया कि जिले में सोमवार से चौथे चरण का टीकाकरण शुरू किया गया है। पहले चरण में हेल्थ वर्कर, दूसरे चरण में फ्रंटलाइन वर्करों को कोरोना की वैक्सीन लगाई गई। तीसरे चरण में बुजुर्ग और 45 वर्ष से अधिक बीमार लोगों को वैक्सीन की डोज दी। चौथे चरण में 18 से 44 वर्ष तक के लोगों को शामिल किया गया है ।
टीकाकरण के लिए विशेष जीसीवीसी बूथ
डीआईओ ने बताया 18 से ऊपर वालों के लिए टीकाकरण के लिए विशेष बूथ बनाए गए हैं । यह बूथ पहले से बने बूथों से अलग है, जहां युवाओं और नागरिकों को 2882 वैक्सीन की डोज दी गई। इस बूथ को सरकार द्वारा जीसीवीसी यानी गवर्नमेंट कोविड वैक्सीन सेंटर का नाम दिया गया है ।
30 मिनट में एक सप्ताह के स्लॉट बुक
उप जिला प्रतिरक्षण अधिकारी शरद गुप्ता ने बताया कि टीकाकरण को लेकर उत्साह देखने को मिला। टीकाकरण के एक दिन पहले ही 30 मिनट में एक सप्ताह तक के स्लॉट बुक हो गए हैं। उन्होंने बताया कि अधिकतर युवाओं ने कोविन पोर्टल और आरोग्य सेतु एप के माध्यम से टीकाकरण के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है ।
पहले से पंजीकरण अनिवार्य, बिना पंजीकरण नहीं लगेगा टीका
सीएमओ ने बताया कि 18 से 44 वर्ष के युवाओं एवं नागरिकों को टीकाकरण हेतु अपना पंजीकरण करवाना बेहद जरूरी है। बिना पंजीकरण के टीकाकरण नहीं हो पाएगा। पंजीकरण के लिए गूगल प्ले स्टोर के माध्यम से अपने कोविन एप्लीकेशन डाउनलोड और इंस्टॉल करें।
इन केंद्रों पर किया गया टीकाकरण
जिले के देहात क्षेत्र के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अकराबाद, विजयगढ़, अतरौली, बिजौली, चंडौस, छर्रा, गंगीरी, गोंडा, गभाना, हरदुआगंज, जलाली, इगलास, बिसवां, जवां, लोधा, मडराक, टप्पल, खैर एवं शहरी नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र इंदिरा नगर, शाह जमाल, भुजपुरा, घंटर चौक, बेगम बाग, मलखान सिंह जिला चिकित्सालय, डीडीयू एवं जेएन मेडिकल कॉलेज में कोरोना वैक्सीन की डोज दी गई।