50 माइक्रॉन से कम की पॉलिथीन पर रोक के पहले दिन रविवार को जिलेभर में अधिकारियों ने अभियान चलाया। अलीगढ़ और देहात क्षेत्र के कस्बों से अधिकारियों ने करीब 220 किलो पॉलिथीन जब्त की। अधिकारियों ने दुकानदारों को आगाह किया कि सोमवार से पॉलिथीन का इस्तेमाल किया तो जुर्माना भरना होगा। शहर के पुराने इलाकों में चले अभियान में व्यापारियों ने स्वेच्छा से करीब 70 किलो पॉलिथीन सौंप दी, जबकि सेंटर प्वाइंट पर करीब 25 किलो से अधिक पॉलिथीन जब्त की गई।
रविवार शाम को अपर जिलाधिकारी श्याम बहादुर सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट सचिन कुमार, नगर निगम के कर अधीक्षक अजीत कुमार राय, कर अधीक्षक सभापति यादव, कर अधीक्षक राजेश गुप्ता, स्वच्छता निरीक्षक ऋषिपाल यादव व एहसान रब आदि के नेतृत्व में बारहद्वारी चौराहे, महावीरगंज आदि इलाकों में पॉलिथीन बंद करने का अभियान चलाया गया। अपर जिलाधिकारी ने दुकानदारों से स्वयं पॉलिथीन त्याग करने का आह्वान किया। उन्होंने आगाह भी किया कि सोमवार से पॉलिथीन रखने एवं उपयोग करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाएगी। नगर निगम के अधीक्षक अजीत कुमार राय ने बताया कि पहले दिन 70 किलो पॉलिथीन दुकानदारों द्वारा त्याग की गई। इसलिए किसी दुकानदार से जुर्माना वसूल नहीं किया गया। इस अवसर पर व्यापारी नेता ज्ञानचंद्र वार्ष्णेय आदि मौजूद थे। बाद में अधिकारी सेंटर प्वाइंट पहुंचे और करीब 25 किलो पॉलिथीन जब्त किया। पॉलिथीन में खाद्य पदार्थ देते कई दुकानदारों को एडीएम सिटी ने चेतावनी दी। उधर देहात क्षेत्र के कई कस्बों से करीब 125 किलो पॉलिथीन जब्त की गई।
प्लास्टिक व्यवसायियों ने बंद रखी दुकानें
महानगर में पैकेजिंग एवं प्लास्टिक कारोबार से जुड़े उद्यमी एवं दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद रखी। व्यापारी नेता प्रदीप गंगा का कहना है कि 50 माइक्रॉन से कम के पॉलीथिन पर रोक का स्वागत है। लेकिन प्रशासनिक अधिकारी जबरन पैकेजिंग कार्य को भी प्रतिबंधित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक अधिकारी ने अब्दुल करीम चौराहे पर एक प्लास्टिक व्यवसायी को उसकी दुकान सील करने की चेतावनी दी। उसका दोष यह था कि उसने प्लास्टिक व्यापारियों के साथ अपनी दुकान बंद रखी थी।
पैकेजिंग मैटेरियल पर रोक गलत
उत्तर प्रदेश ब्रज औद्योगिक व्यापार मंडल की बैठक में प्लास्टिक पैकेजिंग एसोसिएशन के सदस्यों ने अपनी समस्याएं रखी और उसे दूर करने की मांग प्रशासन से की। अध्यक्ष सौरभ अग्रवाल सिक्ससंस ने कहा कि वह जिलाधिकारी से मिलकर समस्या का समाधान कराने का आग्रह करेंगे। व्यापार मंडल के अध्यक्ष एवं भाजपा नेता सौरभ सिक्ससंस एवं अन्य नेताओं ने 50 माइक्रॉन से कम के पॉलिथीन पर प्रतिबंध का स्वागत किया। व्यापारी नेताओं ने कहा कि पैकेजिंग मैटेरियल पर प्रतिबंध नहीं लगाया है। परंतु स्थानीय प्रशासन द्वारा पैकेजिंग मैटेरियल पर भी रोक लगाया जा रहा है, जो गलत है। इसको लेकर वे लोग जिलाधिकारी से मिलेंगे। इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष ठाकुर राजीव सिंह, राकेश लीडर, जगन राधे, गणेश वार्ष्णेय, लक्ष्मी नारायण बॉबी, पंकज वार्ष्णेय आदि मौजूद थे।
आधी-अधूरी तैयारी, प्रतिबंध बेअसर
रविवार सुबह आगरा रोड स्थित मदारगेट से लेकर बस स्टेंड एवं दूबे पड़ाव चौराहे तक पॉलिथीन का धड़ल्ले से इस्तेमाल होता नजर आया। पूजा का फूल लोग 50 माइक्रॉन से कम के पॉलिथीन में लेकर जा रहे थे। इसी तरह कचौड़ी एवं खाने-पीने के अन्य सामानों के लिए भी लोग पॉलिथीन का प्रयोग कर रहे थे। दुकानदार एवं ग्राहक दोनो प्रतिबंध को लेकर उदासीन रहे। यहीं नजारा रेलवे रोड, बारहद्वारी, महावीरगंज, ऊपर कोट, कनवरीगंज, फफाला, फूल चौराहा, बड़ा बाजार, जयगंज, रामघाट रोड, सेंटर प्वाइंट, अमीन निशा, दोदपुर सहित महानगर के अन्य क्षेत्रों में देखने को मिला। प्रतिबंध को लेकर कुछ बड़े दुकानदार अवश्य गंभीर नजर आए।
घर से कपड़े का थैला लेकर बाजार आईं कुछ महिलाएं
पॉलिथीन पर प्रतिबंध का फैसला बिल्कुल सही है। हमलोग कपड़े के थैले लेकर बाजार जाएंगे।
- पूजा आनंद, सुरक्षा विहार
प्रशासन को पूरी तैयारी के साथ प्रतिबंध को लागू कराना चाहिए।
- आभा, मानिक चौक
पॉलिथीन से पर्यावरण एवं शहर को बेहद नुकसान है। सरकार का आदेश जनहित में है।
- कविता, रमेश विहार